लॉयन न्यूज, श्रीगंगानगर। मेडिकल कॉलेज निर्माण की प्रक्रिया गुरुवार को एक कदम और आगे बढ़ी। राजस्थान स्टेट रोड डेवल्पमेंट कॉर्पोरेशन की ओर से आमंत्रित की गई बिड का प्रथम भाग गुरुवार को खोला गया। तकनीकी रूप से इसे तकनीकी बिड पुकारा जाता है। इससे यह सामने आया है कि मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए देश की चार कंपनियों ने रूचि दिखाई है। यह निविदा 75 करोड़ रुपए की है। अब मेडिकल कॉलेज के पहले चरण के लिए टेंडर प्रक्रिया मार्च माह में पूरी हो जाने की उम्मीद है। इसके बाद सरकार कंपनी को अप्रैल में कार्यादेश जारी करेगी।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को खोली गई बिड में अजमेर की जैन कंस्ट्रक्शन कंपनी, गुरुग्राम की सोम प्रोजेक्ट, जयपुर की रमेशकुमार बंसल कंपनी और गुजरात की पटेल इंटरप्राइजेज ने ठेका लेने के लिए निविदा में भाग लिया है। इन कंपनियों के ऑनलाइन पेश दस्तावेजों की अगले चार पांच दिन में जांच पड़ताल की जाएगी। कंपनियों की टेक्नीकल बिड सही पाए जाने पर दूसरी बिड खोली जाएगी। इसके आधार पर मेरिट बनाकर सबसे कम दरों पर काम करने वाली कंपनी को ठेका देने की मुख्यालय को अनुशंसा भेजी जाएगी। फरवरी के दूसरे सप्ताह में ई-टेंडर जारी कर देश भर की एसएस क्लास कंस्ट्रक्शन कंपनियों से निविदाएं आमंत्रित की गई थीं।
जून-जुलाई में मेडिकल कॉलेज भवन की नींव डालने का काम शुरू हो जाएगा। राज्य सरकार ने तय किया है कि 2022-23 के शैक्षणिक सत्र की एमबीबीएस की प्रथम वर्ष की कक्षाएं आरंभ कर दी जाएंगी। इसलिए भूतल पर बनने वाले भवन का निर्माण अगली जुलाई से पहले करना होगा। फिर मेडिकल कौंसिल ऑफ इंडिया का निरीक्षण होगा। यह मेडिकल कॉलेज जी प्लस 8 मंजिला होगा।

टिप्पणियाँ