राजस्थान का ‘लाल’ देश के लिए ‘कुर्बान’ : गोलीबारी में शहीद हुए जोधपुर के जांबाज लक्ष्मण, दो माह बाद होने वाली थी शादी

लॉयन न्यूज, बीकानेर/जोधपुर । जम्मू कश्मीर में राजौरी जिले के पास नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर बुधवार को पाकिस्तानी गोलीबारी में सेना का एक जवान शहीद हो गया। राजस्थान के जोधपुर जिले की बिलाड़ा तहसील के खेजड़ला निवासी 23 वर्षीय लक्ष्मण राम पिचकिया सीमा पर दुश्मनों का बहादुरी के साथ मुकाबला करते हुए घायल हो गए। उन्हें सेना के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्हें बचाया नहीं जा सका। जवान लक्ष्मण राम पिचकिया के शहीद होने की जानकारी परिवार और गांव के लोगों को होने के साथ ही हर कोई स्तब्ध रह गया और गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी। राजकीय विद्यालय में छुट्टी कर कर दी गई है। सभी व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद किए। शहीद लक्ष्मण का शव शुक्रवार सुबह गांव पहुंचेगा। इसके पश्चात अंतिम संस्कार किया जाएगा। शहीद जवान के परिवार में माता-पिता और एक छोटा भाई और बहन है। उनके पिता खेती से जुड़े हैं।

जानकारी के अनुसार लक्ष्मण का 2 माह बाद विवाह होने वाला था। वे अगले माह के अंत तक लक्ष्मण छुट्टी पर आने वाले थे। रक्षा प्रवक्ता के अनुसार एलओसी पर संघर्ष विराम का उल्लंघन कर पड़ोसी देश द्वारा की जा रही लगातार गोलीबारी में इस साल अब तक 4 जवान शहीद हो चुके हैं। प्रवक्ता के मुताबिक, पाकिस्तान की सेना ने बुधवार को भी सुंदरबनी में बिना उकसावे के संघर्ष विराम का उल्लंघन कर फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में लक्ष्मण गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गर्ह। हालांकि जवानों ने भी इस गोलीबारी का करारा जवाब दिया। प्रवक्ता के अनुसार सिपाही लक्ष्मण एक बहादुर, प्रेरणादायी और समर्पित जवान थे। देश उनकी शहादत और कर्तव्य के प्रति उनकी निष्ठा को हमेशा याद रखेगा।

Related Posts



टिप्पणियाँ