फूड पॉइजनिंग या कुछ और? : चाय पीने के बाद दादी-पोते की मौत, गंभीर हालत में मां-बेटी अस्पताल में भर्ती, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर की पुष्टि नहीं
लॉयन न्यूज, बीकानेर। श्रीगंगानगर में सोमवार सुबह चाय पीने के बाद एक परिवार के 4 सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। थोड़ी देर में ही दादी और पोते की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हालत खराब होने पर मां और बेटी को श्रीगंगानगर रेफर किया गया। परिवार में सिर्फ पिता और 6 साल के बेटे ने चाय नहीं पी थी। वह दोनों ठीक हैं। सुबह डॉक्टरों ने फूड प्वाइजनिंग का अंदेशा जताया था। लेकिन दोपहर बाद जब दादी-पोते का पोस्टमार्टम किया गया तो शुरुआती रिपोर्ट में जहर से मौत की पुष्टि नहीं हुई है। डॉक्टरों ने बिसरा प्रिजर्व करके जांच के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार हादसा रायसिंह नगर के गांव 17 आरबी में मानसिंह के परिवार के साथ हुआ। सुबह चाय पीने के बाद मानसिंह की मां प्रकाश कौर (55), पत्नी मनदीप, बेटी गगनदीप और बेटे रहमत (8) की तबीयत बिगड़ गई। कुछ ही देर में घर में ही मानसिंह की मां प्रकाश कौर और बेटे रहमत की मौत हो गई। वहीं, पत्नी मनदीप और बेटी गगनदीप की तबीयत बिगड़ गई। घर में मौजूद मानसिंह ने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया और सभी को अस्पताल लेकर आया। वहां डॉक्टरों ने मां और बेटे रहमत की मौत की पुष्टि कर दी। वहीं, मां-बेटी को हायर सेंटर के लिए श्रीगंगानगर रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले अस्पताल में पूछताछ की। फिर घर जाकर छानबीन की। फॉरेसिंक की टीम को भी मौके पर बुलाकर जांच कराई गई।
चाय पीने के बाद परिवार के 4 सदस्यों की हालत कैसे बिगड़ी? यह बात अभी किसी की समझ में नहीं आ रही है। पुलिस का कहना है कि मानसिंह से पूछताछ में ही कारण सामने आएगा। फिलहाल, परिवार के लोग अस्पताल में हैं। ऐसे में अभी पूछताछ नहीं की जा सकी है।
फूड पॉइजनिंग या कुछ और?
यह मामला सिर्फ फूड पॉइजनिंग का है या कुछ और? इस बारे में पुलिस अभी कुछ नहीं बोल रही है। पुलिस का कहना है कि संभव है कि चाय के बर्तन में कोई जहरीला कीट गिर गया हो। इसके बाद सभी ने चाय पी हो और उनकी तबीयत बिगड़ गई हो। यह भी हो सकता है कि किसी ने परिवार के सदस्यों को कुछ मिलाकर खिलाया हो या फिर परिवार के लोगों ने सुसाइड की कोशिश की हो? ऐसे में जब तक पूछताछ नहीं हो जाती। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट नहीं आ जाती। तब तक कुछ भी कहना संभव नहीं है। फिलहाल, पुलिस सभी एंगल पर पूरे मामले की जांच कर रही है। पड़ोस में भी रहने वालों से पूछताछ कर रही है। गांव में किसी से परिवार की रंजिश थी क्या? इस एंगल पर भी जांच की जा रही है। हालांकि, मानसिंह मजदूरी करता था। ऐसे में गांव में किसी से रंजिश की कोई बात अब तक सामने नहीं आई है।


टिप्पणियाँ