नाबालिग लड़कियों को बेचने-खरीदने का मामला : दिल्ली घुमाने के लिए गई और वहां बेच दिया, ऐसे आए पकड़ में

लॉयन न्यूज, बीकानेर। पश्चिम बंगाल में जलपाईगुड़ी की रहने वाली 14 साल की बालिका को एक महिला घुमाने के बहाने दिल्ली ले गई और और उसे वहां बेच दिया। वहां से एक खरीददार बालिका को बीकानेर ले आया और वह अपने घर में काम करवाने लगा। एंटी ह्युमन ट्रैफिकिंग स्क्वाइड ने बालिका को रेस्क्यू किया है। जलपाईगुड़ी में मेटली थाना क्षेत्र रहने वाली 14 साल और 18 साल की दो लड़कियों को मयूरी उर्फ संजना मूंडा घुमाने के बहाने दिल्ली ले गई और वहां चौहान ब्रदर्स प्लेसमेंट एजेंसी के मालिक गोंविद और अर्जुन को बेच दिया। बाद में युवती को सूरत और बालिका को बीकानेर भेज दिया।

मेटली थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज होने पर दिल्ली की मानव तस्करी विरोधी संस्था ने युवती को रेस्क्यू किया। उसने बताया कि बालिका को बीकानेर भेजा गया है। संस्था के डायरेक्टर वीरेन्द्र कुमार और मिशन मुक्ति फाउंडेशन की सलाहकार पल्लवी घोष बीकानेर आए और पुलिस की मदद से पवनपुरी में एक एस-14 निवासी हेमेन्द्र सिंह बैद के घर से रेस्क्यू किया।
बीकानेर पुलिस के मानव तस्करी विरोधी प्रकोष्ठ प्रभारी विकास बिश्नोई ने बताया कि बालिका से सुबह छह से रात को आठ बजे तक घर का काम करवाया जाता था। हेमेन्द्र सिंह उसकी पत्नी विनीता बैद के खिलाफ व्यास में मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं बालिका को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया है। बाद में उसे बालिका गृह भेज दिया गया।

इधर धोखाधड़ी का लगाया आरोप
पवनपुरी निवासी हेमेन्द्र सिंह ने चौहान ब्रदर्स मेड एंड नर्सेज ब्यूरो के गोविंद, संजना व सलीमा लोहार के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए व्यास कॉलोनी पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। जिसमें परिवादी का आरोप है कि चौहान ब्रदर्स मेड एंड नर्सेज ब्यूरो गोविंद से संपर्क करने पर लोगों ने आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए अविधिक रूप से लाभ प्राप्त करने के लिए धोखाधड़ीपूर्वक फर्जी एंव मिथ्या दस्तावेजों की रचना करते हुए उसके घर पर आई बालिका को वयस्क व अनुभवी बताते हुए उसके घर पर मेड के रूप में भिजवा दिया। आरोप है कि चौहान ब्रदर्स मेड एंड नर्सेज ब्यूरो के गोविंद, संजना व सलीमा लोहार ने आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए बालिका का वयस्क के रूप में प्रतिरूपण किया। परिवादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

Related Posts



टिप्पणियाँ