गंगाशहर के सुरेन्द्र कुमार इन्दोरिया एयर मार्शल बने, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति ने नवाजा था इस मेडल से
लॉयन न्यूज, बीकानेर। गंगाशहर के इन्दोरिया परिवार से श्री सुरेन्द्र कुमार इन्दोरिया को एयर मार्शल के पद पर पदोन्नत किया गया। बाफना स्कूल के सीईओ डॉ. पी. एस. वोहरा ने बताया कि बीकानेर के लिए यह गौरव की बात है कि यहाँ काफी वर्षों से जुड़े सुरेन्द्र कुमार इन्दोरिया, जिनको उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए भारत के राष्ट्रपति द्वारा विशिष्ट सेवा मेडल एवं अति विशिष्ट सेवा मेडल से नवाजा जा चुका है, को एयर वाईस मार्शल से एयर मार्शल के पद पर पदोन्नत किया गया है। वे एयर फोर्स हैड क्वाटर, दिल्ली में आई डी एस में असिस्टेंट चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (टेक्निकल) में अभी कार्यरत हैं तथा आगामी कुछ दिनों में उनको नवीन जिम्मेदारियां सौंपी जायेगी।
भारतीय वायु सेना में अपनी 35 वर्षों की सेवा के दौरान इन्दोरिया ने विभिन्न लड़ाकू, परिवहन और ट्रेनर विमानों को उड़ाया और लगभग 6000 घंटों से ज्यादा का उड़ान अनुभव प्राप्त किया। इण्डोनेशिया में ज्वाईंट स्टाफ कोर्स व सी ए डब्लू, हैदराबाद से हायर कमाण्ड कोर्स कर चुके इन्दोरिया की शुरूआती पोस्टिंग नाल एयर फोर्स स्टेशन, बीकानेर में रही है। इन्दोरिया को 2012 में वायु सेना पदक से नवाजा गया था तथा 2018 में महामहिम राष्ट्रपति द्वारा उत्कृष्ट कार्यों के लिए, विशिष्ट सेवा मेडल एवं अति विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित जा चुका है। एयर मार्शल इन्दोरिया का परिवार बीकानेर के गंगाशहर में निवास करता है तथा बड़े भाई स्व. विजय कुमार इन्दोरिया, नेवेली लिग्नाईट कोर्पोरेशन, बरसिंहसर में कार्यरत थे।

टिप्पणियाँ