लॉयन न्यूज, बीकानेर/चूरु। चूरु के सुजानगढ़ की बिदासर नगर पालिका में सामने आये चुनाव परिणाम में रोचक स्थिति देखने को मिली है। यहां से भाजपा प्रत्याशी को महज़ एक वोट मिलना चर्चा का विषय बना हुआ है। इस प्रत्याशी का चौंकाने वाला वोट परिणाम सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार बिदासर नगर पालिका चुनाव में वार्ड संख्या 16 के कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करने के लिए कुल 405 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नतीजा ये रहा कि भाजपा प्रत्याशी धर्मेन्द्र को सिर्फ 1 वोट ही मिला, जबकि प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी युनुस को 401 वोट प्राप्त हुए। तीन वोट नोटा को गए। ऐसे में कांग्रेस प्रत्याशी ने 400 वोटों की बढ़त के साथ एकतरफा जीत दर्ज की।
चर्चा में है रोचक परिणाम
बिदासर नगरपालिका के वार्ड 16 का चुनाव परिणाम सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। चर्चा दरअसल इस बात की हो रही है कि प्रमुख राजनीतिक दल होने के बावजूद प्रत्याशी को शर्मसार करने वाले महज़ एक वोट ही आखिर कैसे मिले? वहीं चुनाव परिणाम को लेकर कई लोग चुटकियां भी ले रहे हैं। कुछ का कहना है कि भाजपा प्रत्याशी को खुद का ही एक वोट मिला है तो कुछ कह रहे हैं कि प्रत्याशी को परिवार के सदस्यों तक का वोट नहीं मिला।
टिप्पणियाँ