लॉयन न्यूज, बीकानेर/जयपुर। पेट्रोल और डीजल के दाम हर रोज महंगाई का नया रिकॉर्ड बना रहे हैं। तमाम विरोध के बावजूद सरकारी तेल कंपनियों ने लगातार पांचवें दिन पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। शनिवार को पेट्रोल के दाम 31 पैसे और डीजल के दाम 39 पैसे बढ़ाए गए हैं। नए साल में पेट्रोल और डीजल के दामों में ये 17वीं बार बढ़ोतरी की गई है। जयपुर में अब पेट्रोल के दाम 94 रुपए 86 पैसे प्रति लीटर हो गए हैं और डीजल के दाम 87 रुपए 04 पैसे प्रति लीटर हो गए हैं। नए साल में अब तक पेट्रोल के दाम 5 रुपए 12 पैसे और डीजल के दाम में 5 रुपए 40 पैसे प्रति लीटर बढ़ चुके है। इस तरह राजस्थान सरकार ने वैट में जो दो प्रतिशत की कटौती की थी, वो अब बेअसर हो चुकी है। वैट में दो प्रतिशत की कटौती के बाद जयपुर में पेट्रोल के भाव 1 रुपए 35 पैसे कम हुए थे और डीजल के दाम 1 रुपए 32 पैसे कम हुए थे। लेकिन बजट के बाद पेट्रोल और डीजल के भावों में अब इससे अधिक बढ़ोतरी हो चुकी है।
जानिए आपके शहर में कितना है दाम
पेट्रोल-डीजल की कीमत आप एसएमएस के जरिए जान सकते हैं। इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, आपको आरएसपी और अपने शहर का कोड लिखकर 9224992249 नंबर पर भेजना होगा। हर शहर का कोड अलग-अलग है, जो आपको आईओसीएल की वेबसाइट से मिल जाएगा।



टिप्पणियाँ