बीकानेर की धरती पर 8 फरवरी से सुनाई देंगी बम धमाकों की आवाजे, जानिए क्या है माजरा

लॉयन न्यूज, बीकानेर। बीकानेर की महाजन फायरिंग रेंज में भारत और अमेरिकी सेना के बीच युद्धाभ्यास 8 फरवरी से शुरू होगा। इस इंडो-यूएस ज्वाइंट एक्सरसाइज में शामिल होने के लिए अमेरिका की सेना 5 फरवरी को भारत पहुंचेगी। इस एक्सरसाइज में भारतीय सेना का प्रतिनिधित्व सप्त शक्ति कमान की 11वीं बटालियन जम्मू-कश्मीर राइफल्स करेगी। वहीं, अमेरिकी सेना का प्रतिनिधित्व 2 इन्फेंट्री बटालियन, 3 इन्फेंट्री रेजिमेंट, 1-2 स्ट्राइकर ब्रिगेड कॉम्बैट टीम के सैनिक करेंगे। फायरिंग रेंज में 8 से 21 फरवरी तक चलने वाले युद्धाभ्यास में इन्फैंट्री के कॉम्बैट व्हीकल व हेलीकॉप्टर भी भाग लेंगे। सेना के प्रवक्ता अमिताभ शर्मा ने बताया कि यह संयुक्त सैन्य युद्धाभ्यास का फोकस काउंटर टेररिज्म पर केंद्रित होगा। वहीं, दोनों देशों के बीच सामरिक स्तर पर अभ्यास और एक दूसरे के बीच तालमेल बढ़ाना भी इस युद्धाभ्यास का मकसद है। अमेरिकी सेना के साथ युद्धाभ्यास वैश्विक आतंकवाद में सामने आई सुरक्षा चुनौतियों के संदर्भ में महत्वपूर्ण है। मित्र देशों की सेना के साथ युद्ध कौशल विकसित करने के लिए युद्धाभ्यास आयोजित किए जाते हैं। अमेरिका और भारत को भारत-प्रशांत क्षेत्र में अच्छे मित्र के तौर पर चीन के विरुद्ध देखा जा रहा है। ऐसे में प्रस्तावित युद्धाभ्यास को काफी अहम माना जा रहा है।

Related Posts



टिप्पणियाँ