फिरौती के लिए धमकियां देने और जानलेवा हमला करने वाले गिरोह का पर्दाफाश,बीकानेर,महाराष्ट सहित कई जगहों के 8 आरोपी गिरफ्तार

लॉयन न्यूज,बीकानेर। हथियारों के दम पर दहशत फैलाने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की हैं। श्रीगंगानगर पुलिस ने एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया हैं। श्रीगंगानगर एसपी राजन दुष्यंत ने इस सम्बंध में प्रेस कांफे्रस कर इसकी जानकारी दी हैं। एसपी ने बताया कि लॉरेंस गैंग और हरियाणा गैंगस्टर्स से जुड़े करीब 8 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया हैं। जिसमें बीकानेर के भी दो लोगों को गिरफ्तार किया गया हैं। पुलिस ने गंगानगर के जॉर्डन की हत्या के बाद लोगों को लॉरेंस के नाम से फिरौती के लिए धमकियां देने व जान से मारने को फायर करने वाले गिरोह के एक लीडर, महाराष्ट्र के शूटर सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके संपर्क थाईलैंड व कनाडा से भी हैं। वहीं हरियाणा की काला राणा गैंग व चूरू की गैंगों से भी संपर्क है। पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है।

 

पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने प्रेसवार्ता में बताया कि जिले में लॉरेंस गैंग के नाम से दो व्यापारियों को धमकी के मामले दर्ज हुए। इसके अलावा भी पदमपुर में भी धमकी मिली थी लेकिन वहां मामला दर्ज नहीं कराया। गंगानगर व रायसिंहनगर की वारदातों को गंभीरता से लेकर पुलिस गिरफ्तारी में जुटी हुई थी। लगातार गिरफ्तारियां की जा रही थी। मंगलवार को आठ जनों को गिरफ्तार किया गया।
इनमें गिरफ्तार आशीष बिश्नोई गैंग का लीडर है, जो वसूली, फायरिंग, सहयोग, टारगेट आदि के निर्देश देता है। प्रकरणों की गंभीरता को देखते हुए डीएसटी टीम को शामिल किया गया। जिससे हथियार, सिम आदि बरामद हो सकें। इनके संपर्क थाईलैंड, कनाडा से भी जुड़े हुए हैं, जहां से इनको निर्देश मिलते हैं। आशीष बिश्नोई व हरियाणा का इनामी गैंगस्टर काला राणा भी जुड़े हुए हैं।

 

वारदात से पहले सहयोगी रैकी करते हैं। फिर पूरी तैयारी से वारदात करते हैं। जिसमें फायरिंग कौन करेगा, कैसे भागेंगे और रास्ते से कौन लेकर आएगा। कार से वारदात करने वालों को शिफ्ट करते हैं और कार मनदीप की इस्तेमाल की जाती है। इनमें सोनू महाराष्ट्र का शूटर है। जिस पर वहां भी मामले हैं। आरोपी नाजम सिंह जयपुर में रहता है। आरोपी आशीष बराड आरोपियों के हथियारों को अपने पास रखता है और जब भी वारदात को अंजाम देने जाते हैं तो वह हथियार देता। पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है।

 

सदस्यों को नशे के लिए आकाश लगाता था इंजेक्शन
पुलिस ने बताया कि आकाश पहले लैब में ब्लड टेस्टिंग का कार्य करता था। जो इंजेक्शन लगाने में एक्सपर्ट है। यह गिरोह के सदस्यों को वारदात पर जाने से पहले नशे के इंजेक्शन लगाता था। जब भी गिरोह के सदस्यों को नशे की जरुरत होती तो वह आकाश को बुलाते थे।

अभय के फैक्ट्री, आशीष का होटल
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान जानकारी मिली है। आरोपी अभय सिंह की पीओपी की फैक्ट्री है। इसके अलावा आशीष बिश्नोई का जयपुर के मानसरोवर में साझेदारी में एक होटल चल रहा है। यहां भी इनके पास कमाई आती है।

मोटी रकम का लालच देकर फंसा रहे
पुलिस ने बताया कि गिरोह के लीडर आशीष या अन्य इन युवकों को मोटी रकम का लालच देकर गिरोह में शामिल कर रहे हैं और उनको फायर करने, शैल्टर देने, वाहन पहुंचाने, फोन सिम सहित अन्य अपराधिक कार्यों में लिप्त कर रहे हैं। पूछताछ में सामने आया है कि इनमें से केवल आशीष को ही कुछ रुपए मिले हैं। शेष गिरोह के सदस्यों को झांसा दिया जा रहा है। अब वे अपराधिक गतिविधियों में आने के बाद निकल भी नहीं सकते हैं और उसमें फंसते ही जा रहे हैं।

ऐसे हुआ इस गिरोह का खुलासा
गिरफ्तार आरोपी की पूछताछ के आधार पर जवाहरनगर थाना पुलिस ने मामले में संगठित अपराध को अंजाम देने के लिए षड्यंत्र रचकर वारदात कराने वाले वार्ड नंबर चार ज्वाला कॉलोनी घडसाना निवासी बबलू कडेला उर्फ जयपाल पुत्र मालाराम, वार्ड नंबर दो सुंदर कॉलोनी निवासी मनदीप सिंह उर्फ दीपा पुत्र नाजर सिंह, वार्ड नंबर 29 अमर कॉलोनी नई मंडी घडसाना निवासी नाजम सिंह पुत्र बलजीत सिंह व चक 10 एमडी घडसाना निवासी आकाशदीप बराड पुत्र पाल सिंह को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।

इसी प्रकार रायसिंहनगर पुलिस ने वार्ड नंबर तीन अमर कॉलोनी घडसाना निवासी आशीष बिश्नोई पुत्र प्रवीण, गांव गोडगांव अम्बेगांव पुणे महाराष्ट्र निवासी अभिषेक उर्फ सोनू पुत्र दलीप कोहली, चक 22 एमडी घडसाना निवासी राजदीप बराड पुत्र सुखमन्द्र सिंह व गांव चैनपुरा बड़ा सिद्मुख चूरू हाल कैलाशपुरी बीकानेर निवासी अभय सिंह पुत्र सोहन सिंह राठौड़ को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।

Related Posts



टिप्पणियाँ