लॉयन न्यूज, बीकानेर। राजस्थान में एसआई भर्ती की राह देख रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। एसआई के 859 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 9 फरवरी से शुरू होगी। लोक सेवा आयोग इसकी परीक्षा कराएगा। इस संबंध में बुधवार को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए। आयोग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार कुल 859 पदों में उप निरीक्षक (एपी) के 746, उप निरीक्षक आईबी के 64, प्लाटून कमांडर आरएसी के 38 और उप निरीक्षक एमबीसी के 11 पद शामिल हैं। इनके लिए आयु सीमा न्यूनतम 20 वर्ष और अधिकतम 25 वर्ष से कम है। विभिन्न आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में 5 से 10 वर्ष तक की छूट दी गई है। शैक्षिक योग्यता का विवरण आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है।
ऐसी होगी चयन की प्रक्रिया
अभ्यर्थियों का चयन प्रतियोगी परीक्षा, शारीरिक दक्षता एवं इंटरव्यू के माध्यम से किया जाएगा।
परीक्षा का स्थान एवं तिथि समय पर बता दी जाएगी।
परीक्षा ऑनलाइन/ऑफलाइन हो सकती है। सभी प्रश्न वस्तुनिष्ठ होंगे। विस्तृत आवेदन पत्र आयोग की वेबसाइट पर जल्द ही उपलब्ध कराया जाएगा।
आवेदन 9 फरवरी से 10 मार्च तक किए जा सकेंगे।
परीक्षा शुल्क 350 रु. तक
सामान्य वर्ग के लिए 350 रु. व आरक्षित वर्ग के लिए 250 रुपए शुल्क तय किया गया है। इसके साथ ही नि:शक्तजन और 2.5 लाख रुपए से कम आय वाले वर्गों के लिए परीक्षा शुल्क 150 रु. है।
2016 के बाद अब आई भर्ती
गृह विभाग में एसआई के 526 पदों के लिए अंतिम बार भर्ती साल 2016 में निकली थी। इसके बाद अब यह भर्ती जारी की गई है। इस भर्ती का प्रदेश भर में इंतजार किया जा रहा था। सरकार के इस ऐलान से लाखों अभ्यर्थियों को राहत मिली है।

टिप्पणियाँ