लॉयन न्यूज,बीकानेर। जेलों में अवांछनीय वस्तुओं की तलाशी के लिए चलाया जा रहा ऑपरेशन फ्लश आउट अब 28 फरवरी तक चलेगा। पहले अभियान 31 जनवरी तक चलना था, लेकिन तलाशी के दौरान मिली सफलता के बाद इसे बढ़ाया गया है। इधर जेल महानिदेशक राजीव दासोत ने अभियान की सफलता के लिए जेल अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना की है। राज्य की जेलों अवांछनीय, निषिद्ध वस्तुओं जैसे मोबाइल, मादक पदार्थ की उपलब्धता तथा जेल से संचालित होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर कार्रवाई के लिए 21 नवम्बर 2020 से ऑपरेशन फ्लश आउट शुरू किया गया था।
करीब दस सप्ताह से चल रहे इस अभियान के तहत अब तक जेलों में 4992 बार आकस्मिक तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 77 मोबाइल, 44 सिम, 23 चार्जर, 19 ईयर फोन, 8 डाटा केबल मिली। इनके अलावा अफीम तम्बाकू, चरस, बीडी सिगरेट आदि मादक पदार्थ भी बरामद किए गए। इस अभियान के दौरान आतंक का पर्याय बने 53 हार्डकोर क्रीमिनल को दूसरी जेलों में ट्रांसफर किया गया।
जेल के अधिकारियों और कर्मचािरयों ने अभियान के लिए कड़ी मेहनत की। इस अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले 107 अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया साथ ही मिलीभगत के दोषी पाए गए जेलकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

टिप्पणियाँ