लॉयन न्यूज, बीकानेर। जिले के पांचू पुलिस थाना क्षेत्र के ढिंगसरी गांव में जीएसएस में ठेकेदार के अधीन काम रहे एक युवक की मौत को लेकर रविवार को पीबीएम मोर्चरी के आगे ग्रामीणों ने धरना देकर शव न उठाने पर अड़ गये। इस दौरान मौके पर पहुंचे नोखा विधायक बिहारी बिश्नोई ने घटना पर रोष जताते हुए जीएसएस पर काम करवा रही ठेका कंपनियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। मोर्चरी के आगे धरने पर बैठे ग्रामीणों से वार्ता करने पहुंचे बिजली विभाग के एक्सईन व एईएन के सामने अपनी जमकर भड़ास निकाली। ग्रामीणों ने कहा कि बार-बार आग्रह के बाद भी विभाग के अधिकारी सुनवाई नहीं करते। जिसकी वजह से पिछले एक माह में तीन परिवारों के चिराग बुझ चुके है। इस दौरान विधायक बिश्नोई ने ऊर्जा मंत्री डॉ. बी.डी.कल्ला पर फोन पर बातचीत कर शिकायत की और घटना का विरोध जताया कि जीएसएस पर ठेकेदार सरकार की ओर से तय मापदंडों के अनुरुप काम नहीं कर रहे है। इन ठेकेदारों के पास पर्याप्त विद्युत उपकरण नहीं होने के बावजूद कर्मचारियों को करंट के बीच काम पर लगा देते है।
उन्होंने बताया कि ठेकेदार अपने लाभ के लिए 24 घंटे की ड्यूटी के लिये तीन कर्मचारी की जगह मात्र एक कर्मचारी से काम करवाते है और उसका शोषण करते है। बताया जा रहा है कि डॉ. कल्ला ने विधायक को आश्वस्त किया कि जल्द ही नोखा क्षेत्र के सभी जीएसएस का भौतिक सत्यापन करवाकर उनकी जांच करवाई जाएगी। साथ ही मृतक को बीमा क्लेम के तहत पांच से सात लाख रुपये की राशि का मुआवजा भी दिलवाया जाएगा। इसके अलावा सभी जीएसएस पर पर्याप्त विद्युत उपकरणों की उपलब्धता करवा दी जाएगी। ये आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने शव उठाने के लिए माने। बता दें कि शनिवार को पांचू पुलिस थाना क्षेत्र में पडऩे वाले ढींगसरी गांव के जीएसएस पर ठेकेदार के अधीन काम कर रहा एक युवक करंट की चपेट में आ गया। गंभीर अवस्था में पीबीएम अस्पताल लाया गया, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

टिप्पणियाँ