डॉ. अम्बेड़कर के नाम पर होगा पाबूबारी स्थित स्कूल का नाम,जगह-जगह हुआ डॉ.कल्ला का नागरिक अभिनंदन

लॉयन न्यूज,बीकानेर। ऊर्जा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ बी डी कल्ला ने कहा कि पाबूबारी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का नाम डॉ भीमराव अंबेडकर के नाम पर किया जाएगा। डॉ कल्ला ने बताया कि इसके लिए वे शिक्षा मंत्री को पत्र लिख चुके हैं और शीघ्र ही इसका फॉलोअप करते हुए इस विद्यालय का नाम डॉ अम्बेडकर पर किया जाएगा। वार्ड संख्या 771 में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में डॉ कल्ला ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में पीने के पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए पानी की गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी । उन्होंने इसके लिए जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अभियंताओं को मौके पर ही निर्देश दिए कि अगले 3 दिनों में इस क्षेत्र में पानी कनेक्शन से बकाया रहे सभी घरों में कनेक्शन कर दिए जाएं।

संक्रामक रोगों के इलाज के लिए बनेगा डेडीकेटेड अस्पताल
डॉ कल्ला ने कहा कि कोविड-19 और इस जैसे गंभीर संक्रामक रोगों से बचाव के लिए शहर में शीघ्र ही एक डेडीकेटेड अस्पताल बनाया जाएगा। इस कार्य के लिए उन्होंने अपने विधायक निधि कोष से 1करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। इस अस्पताल के निर्माण के लिए राज्य सरकार से भी अतिरिक्त सहयोग लिया जाएगा। इससे शहरवासियों को संक्रामक रोगों के इलाज हेतु अलग से अस्पताल उपलब्ध हो सकेगा और कोविड 19 जैसी बीमारियों में अतिरिक्त सुविधा रहेगी। इस कार्य के लिए भूमि का चिन्हीकरण कर लिया गया है । शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू होगा। इस अवसर पर डॉ कल्ला ने क्षेत्र के पार्षद प्रफुल्ल हटीला से क्षेत्र की समस्याएं लिखित रूप में अगले 3 दिनों में उपलब्ध करवाने की बात कही। इस अवसर पर मदन मेघवाल, नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष मकसूद अहमद, हरि प्रकाश, पुरखाराम सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

चांदमल बाग समस्या के निस्तारण हेतु 10 करोड़ स्वीकृत
इससे पूर्व डॉ कल्ला का चांदमल बाग के पास आयोजित समारोह में अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर डॉ कल्ला ने कहा कि इस समस्या से निजात के लिए 10 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। नगर विकास न्यास द्वारा चांदमल बाग की गंदे पानी की समस्या का शीघ्र समाधान करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं में बढोतरी के मददेनजर गंगा शहर स्थित ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पुराने ऑफिस में सेटेलाइट अस्पताल बनाया जाएगा साथ ही क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए यहां आवश्यकतानुसार दो जनता क्लिनिक खोले जाएंगे। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से कोरोना एडवाइजरी की अनुपालना करने की अपील करते हुए कहा कि शहर की सफाई बनाए रखने में सभी नागरिक अपना योगदान दें, सफाई आदतें विकसित करने से हम विभिन्न बीमारियों से बचाव कर सकते हैं।

Related Posts



टिप्पणियाँ