ममता को एक और झटका,मंत्री ने दिया इस्तीफा,बीजेपी में जाने की अटकलें तेज

लॉयन न्यूज,बीकानेर।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले ममता बनर्जी का साथ छोड़कर जाने वाले नेताओं की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। ममता बनर्जी के मंत्रिमंडल से एक और मंत्री ने शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया। वनमंत्री राजीव बनर्जी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अपना इस्तीफा सौंपा है। हालांकि उन्होंने इस्तीफा देने का कोई कारण नहीं बताया है। इसके साथ ही राज्य के लोगों की सेवा करने का मौका देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी जताया है। अपने त्यागपत्र में राजीव बनर्जी ने लिखा है कि वन मंत्री के पद से इस्तीफा देते हुए मुझे खेद हो रहा है। पश्चिम बंगाल के लोगों की सेवा करना बहुत सम्मान और सौभाग्य की बात है। यह अवसर देने के लिए दिल से आभार व्यक्त करता हूं।

अपनी चि_ी में राजीव ने यह भी लिखा है कि उन्होंने त्यागपत्र की एक प्रति राज्यपाल जगदीप धनखड़ को भी भेजी है। पिछले कई दिनों से राजीव अपनी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की कार्यशैली से नाराज थे और लगातार बयानबाजी कर रहे थे। उन्होंने जिला नेतृत्व पर काम नहीं करने देने का आरोप लगाया था और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से सीधे सवाल पूछा था कि कार्यकर्ताओं के अपमान पर वह चुप क्यों रहती हैं। इसके अलावा ममता बनर्जी का साथ छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी लगातार राजीव बनर्जी का नाम लेकर उन्हें भारतीय जनता पार्टी में आने का आह्वान कर रहे हैं। राजीव बनर्जी का इस्तीफा कई अटकलों को हवा दे गया है। इस्तीफा देते ही राजीव बनर्जी के भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं।

Related Posts



टिप्पणियाँ