बीकानेर के इस गांव में मूर्ति लगाने को लेकर बवाल, हरियाणा से आये राणा के बाद मामले ने पकड़ा तूल, पुलिस पर लग रहे आरोप

लॉयन न्यूज, बीकानेर। पूगल पुलिस थाना क्षेत्र के डेली तलाई गांव में महाराणा प्रताप की मूर्ति लगेगी या फिर बाबा साहेब आंबेडकर की? इस मुद्दे पर दो दिन से चल रहा तनाव तो बातचीत से खत्म हो गया लेकिन तीसरे दिन हरियाणा से आए कुछ युवकों ने सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण करके मामले को फिर इसे तूल दे दिया। इस संबंध में सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे है। पुलिस ने इन युवकों का पीछा किया और फिर गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान युवकों का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया और एक-दो जने घायल भी हो गए। बता दें कि बीकानेर के पूगल थाना क्षेत्र में स्थित गांव डेली तलाई में एक चौराहे पर महाराणा प्रताप की मूर्ति लगाने का प्रयास चल रहा था। इसका क्षेत्र के लोगों ने विरोध किया और आंबेडकर की मूर्ति लगाने की मांग खड़ी कर दी। प्रशासन पिछले दो दिन से गांव में ही डेरा डाले हुए था। दोनों पक्षों से अलग अलग वार्ता करके तय हुआ कि यहां किसी की मूर्ति नहीं लगेगी। सब कुछ सामान्य होता इससे पहले हरियाणा के ओकेंद्र राणा ने यहां आकर महाराणा प्रताप की तस्वीर रख दी। इस दौरान अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर इसे लाइव चलाया। ओकेंद्र ने लाइव कार्यक्रम में चेतावनी दी कि अगर किसी ने महाराणा प्रताप की फोटो वहां से हटाई तो सबक सिखाया जायेगा। जिन लोगों ने पहले वहां चौकी तोड़ी थी, उन्हें भी ललकारा गया। लाइव वीडियो देखकर लोगों ने पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस वहां पहुंची तब तक ओकेंद्र व उसके साथी वहां से चले गए थे। पुलिस ने उनका पीछा किया। इस दौरान ओकेंद्र व उसके साथियों की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुलिस की मानें तो किसी को ज्यादा चोट नहीं आई। इन चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूगल पुलिस ने बताया कि ओकेंद्र व उसके साथियों को हिरासत में लिया गया है। घटना के बाद पूगल पुलिस थाने पर भारी संख्या में लोग पहुंच गए। इन लोगों ने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के चलते ओकेंद्र राणा व उनके साथियों के साथ पुलिस ने मारपीट की है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस का जाब्ता बढ़ा दिया गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि ये लोग यहां आकर माहौल बिगाड़ रहे थे।

Related Posts



टिप्पणियाँ