मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट,इन जिलों में शीतलहर और कोहरे का अंदेशा

लॉयन न्यूज,बीकानेर। प्रदेश में पूर्वी हवाओं के कारण मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। सुबह घना कोहरा छाने से जनजीवन ठहर सा गया है। आज से लेकर शनिवार तक शीतलहर और कोहरे को लेकर सीकर, भरतपुर, अलवर, चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर में अलर्ट जारी किया गया है। आगामी दिनों में पूरी तरह से पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने से तापमान में एक बार फिर तीन डिग्री तक कमी होना तय है।

जनवरी के अंत में फिर बढ़ेगी सर्दी
जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि बीते एक सप्ताह से तेज पूर्वी हवाओं के असर से मौसम का मिजाज बदल रहा है। धीरे-धीरे पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होने के चलते आने वाले कुछ दिनों में फिर से सर्दी अपना असर दिखाएगी। पहले हवा का रुख उत्तरी-पूर्वी था। अब दक्षिणी-पूर्वी हो गया है। जनवरी के अंत तक तापमान में और गिरावट आना तय है। इसके बाद प्रदेशवासियों को सर्दी से राहत मिलना शुरू हो जाएगी।

प्रमुख जगहों का तापमान
प्रदेश में मंगलवार रात को माउंटआबू का तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं भीलवाड़ा का 6.8 डिग्री, चूरू का 6.1 डिग्री, श्रीगंगानगर का 6.5 डिग्री, भरतपुर का 5.8 डिग्री, फलौदी का 3.4 डिग्री, जैसलमेर का 6.4 डिग्री, जयपुर का 9.8 डिग्री, डबोक का 9 डिग्री, चितौड़ का 8 डिग्री, बीकानेर का 6.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश में सबसे अधिक तापमान भीलवाड़ा का 26 डिग्री, अजमेर का 24.4 डिग्री, जयपुर का 24.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में दिन और रात के पारे में लगभग दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

Related Posts



टिप्पणियाँ