लॉयन न्यूज,बीकानेर। प्रदेश में एक बार फिर शीतलहर का प्रकोप और तेज सर्दी का असर फरवरी के पहले सप्ताह तक प्रभावी रहेगा। फिलहाल ज्यादातर इलाकों में बीते कुछ दिनों में तापमान में बढ़ोतरी से लोगों को सर्दी से मामूली राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार से दिन के तापमान में कमी के साथ रात के तापमान में 4 डिग्री तक की गिरावट होना तय है।
जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक आरएस शर्मा के मुताबिक सोमवार व मंगलवार के लिए दस जिलों में शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं रविवार को भी शीतलहर चलेगी। साथ ही चार जिलों में कोहरे की संभावना भी जताई है। रविवार को जयपुर, जोबनेर , सीकर, गंगानगर में कोहरा छाया रहा, ठंडी हवाओं के चलने के साथ ही गलन भरी सर्दी रही।
इसलिए बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के मुताबिक एक बार पुन: हिमालय से आने वाली उत्तरी हवाओं का प्रभाव शुरू होने से आगामी सप्ताह में गिरावट होने की संभावना है। उत्तरी राजस्थान के शेखावटी संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज होने के आसार हैं।शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्र में समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर से 4.5 किलोमीटर के बीच स्थित है। इसके बाद अब उत्तरी हवाओं का असर तेज हो जाएगा। जिसके कारण अगले 48 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में चार डिग्री की गिरावट होगी।
यहां के लिए आगामी चार दिन के लिए अलर्ट
आज से झुंझुनू, सीकर, अजमेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरू व नागौर जिलों में शीत व अति शीत लहर चलने की चेतावनी जारी की । इसके साथ ही जयपुर, टोंक, दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर व जोधपुर जिलों में घने कोहरे की चेतावनी दी गयी है। यह अलर्ट गुरुवार तक के लिए जारी किया है।

टिप्पणियाँ