देशनोक में किस पर होगी करणी कृपा? : भाजपा-कांग्रेस में एक सीट पर फंसा पेंच, अब एनसीपी के हाथ पूरी बाजी, इन तीन बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर
लॉयन न्यूज, बीकानेर। जिले की देशनोक नगर पालिका में चुनाव परिणाम बराबरी पर छूटा है। कांग्रेस और भाजपा अपने समर्थक पार्षदों के साथ 12-12 सीट जीती हैं। जबकि निर्णायक स्थिति में नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी एनसीपी आ गई है। इसका सिर्फ एक पार्षद जीता है। इस पालिका पर कांग्रेस की तरफ से राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री भंवरसिंह भाटी की प्रतिष्ठा दांव पर है क्योंकि यह उनके विधानसभा क्षेत्र में आती है। वहीं भाजपा की ओर से यहां केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल भी सक्रिय हैं। वहीं पूर्व मंत्री व कद्दावर नेता देवीसिंह भाटी का देशनोक नगरपालिका में लम्बे समय से दबादबा रहा है, ऐसे में इस बार वे भी अपना जलवा दिखा सकते है। वैसे अभी दोनों राष्ट्रीय पार्टियों को देशनोक में नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की तरफ देखना पड़ रहा है।
दरअसल, इस कस्बे की पालिका में 25 सीट हैं। बोर्ड बनाने के लिए 13 पार्षदों की जरूरत है। कांग्रेस यहां 11 पर स्पष्ट रूप से जीतकर आई है जबकि उसका समर्थित एक निर्दलीय प्रत्याशी भी जीता है। ऐसे में वह 12 के आंकड़े पर पहुंच गई। बोर्ड बनाने में अब भी उसे 1 सीट की जरूरत है। उधर, भाजपा 10 सीटों पर जीती हैं, जबकि 2 अन्य पार्षद उसी की पार्टी से बागी खड़े होकर जीते हैं। जिसमें एक पार्षद तो पूर्व पालिकाध्यक्ष दुर्गादेवी की पौत्रवधु तनुजा कंवर हैं। दूसरा पार्टी के पूर्व मंडल अध्यक्ष रमेश शर्मा हैं। यह तय माना जा रहा है कि संकट की घड़ी में दोनों भाजपा के साथ नजर आएंगे। ऐसे में दोनों बड़ी पार्टियों को 12-12 सीट मिली हैं। अब निर्णायक स्थिति में यहां नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी यानी एनसीपी है। इस पार्टी से एकमात्र प्रत्याशी चंडीदान चारण जीते हैं। चंडीदान जिस पार्टी की तरफ हाथ बढ़ाएंगे। उसी पार्टी का बोर्ड देशनोक में बनने वाला है।

टिप्पणियाँ