टिब्बी मुख्य बाजार और संगरिया शहरी क्षेत्र की सड़क भी प्रोजेक्ट में होगी शामिल

चाइया-टिब्बी-सादुलशहर स्टेट हाइवे के निर्माणाधीन प्रोजेक्ट में टिब्बी मुख्य बाजार व संगरिया शहरी क्षेत्र के सड़क के हिस्से को शामिल करवाने की मांग व सड़क निर्माण में गति लाने सहित विभिन्न मसलों को लेकर पीसीसी सदस्य शबनम गोदारा ने मंगलवार को जयपुर में पीडब्ल्यूडी के पीपीपी सेक्शन के मुख्य अभियंता डीआर मेघवाल सहित अन्य अधिकारियों से मुलाकात की।

अधिकारियों ने मांग पर तत्काल निर्णय लेकर टिब्बी बाजार व संगरिया शहरी क्षेत्र की समस्या का समाधान करने के लिए सड़क प्राेजेक्ट में शामिल करने के आदेश जारी किए। शबनम गोदारा ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों को अवगत करवाया कि टिब्बी मुख्य बाजार में मौजूदा सीसी सड़क काफी खस्ताहाल है। इससे स्थानीय नागरिकों व राहगीरों को परेशानी हो रही है। इसी तरह संगरिया में भी सादुल ब्रांच नहर तक सड़क का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त है।

इन हिस्सों को मुख्य प्रोजेक्ट में शामिल कर इन्हें नया बनाने और बाजार में दोनों तरफ ड्रेनेज सिस्टम बनाने का मामला भी उन्होंने मुख्य अभियंता के समक्ष रखा। मुख्य अभियंता के निर्देश पर विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता केवी सिंह तथा इस प्रोजेक्ट से जुड़े अधिशासी अभियंता सोमेश राठी ने बताया कि उनकी मांग के अनुसार टिब्बी मुख्य बाजार और संगरिया शहरी क्षेत्र में भी सड़क निर्माण को प्रस्तावित प्रोजेक्ट में शामिल किया गया है।


शबनम गोदारा ने मुख्य अभियंता को अवगत करवाया कि वर्तमान में चाइया-टिब्बी-सादुलशहर सड़क निर्माण कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है, इसे तेज किया जाए ताकि इलाके को जल्दी सुविधा मिल सके। उन्होंने मिर्जावालीमेर में सड़क की ऊंचाई का मामला भी रखा।

गौरतलब है कि दो दिन पूर्व टिब्बी व्यापार मंडल की नवगठित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में व्यापारियों व स्थानीय नागरिकों ने शबनम गोदारा के सामने मुख्य बाजार की सड़क निर्माण करवाने और इसे नई बन रही मुख्य सड़क के प्रोजेक्ट में शामिल करवाने की मांग की थी। इससे पूर्व कस्बे के मुख्य बाजार स्थित सड़क मार्ग को इस प्रोजेक्ट में शामिल नहीं किया गया था। सड़क मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हाे चुका है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ