श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए इस बालीवुड अभिनेता ने दान देने की अपील,ट्वीट किया वीडियों

लॉयन न्यूज,बीकानेर। अभिनेता अक्षय कुमार ने अपने प्रशंसकों से अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया है। आपको बता दें कि राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा एकत्रित करने के राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत शुक्रवार को हुई थी। कुमार ने ट्विटर पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा है कि उन्होंने निर्माण के लिए अपना हिस्सा दान कर दिया है।

अभिनेता ने लिखा है कि यह बहुत खुशी की बात है कि श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण अयोध्या में शुरू हो गया है। अब हमारी योगदान देने की बारी है। मैंने शुरुआत कर दी है, आशा है कि आप भी इसमें शामिल होंगे। जय सियाराम। इसके साथ ही वे पहली ऐसी सेलिब्रिटी बन गए हैं, जिसने श्रीराममंदिर निर्माण के लिए आगे आकर दान किया है।

53 वर्षीय अभिनेता ने वीडियो में कहा है कि लोग ऐतिहासिक भव्य मंदिर के निर्माण में अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दें। उन्होंने कहा है कि मैंने शुरुआत कर दी है, मुझे यकीन है कि आप भी मेरे साथ जुड़ेंगे ताकि आने वाली पीढिय़ों को भगवान राम के जीवन, पथ और संदेश के अनुपालन के लिए प्रेरणा मिलती रहे। हालांकि दान की गई राशि का जिक्र नहीं किया गया है।

वर्ष 2020 की दीपावली पर कुमार ने अपनी फिल्म राम सेतु की घोषणा की थी। फिल्म के निर्देशक अभिषेक शर्मा हैं। पिछले साल दिसंबर में कुमार ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से तब मुलाकात भी की थी जब वह मुंबई के दौरे पर पहुंचे थे तथा राम सेतु पर चर्चा की थी। अक्षय की अपील और शुरुआत के बाद और कितने सेलिब्रिटी आगे आते है, ये तो वक्त ही बताएगा।

Related Posts



टिप्पणियाँ