डॉ. कल्पना को जल शक्ति मंत्रालय का राष्ट्रीय वाटर हीराे पुरस्कार मिलेगा, देश से 8 का चयन

केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के “वाटर हीरो’ पुरस्कार के लिए स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. कल्पना शर्मा का चयन हुआ है। जल शक्ति मंत्रालय ने सरकारी स्कूल में जल संरक्षण एवं जल जागरुकता को लेकर किए प्रयासों के लिए देशभर से 8 प्रतिभागियों का चयन किया। इनमें राजस्थान से भीलवाड़ा जिले के नेड़ा की डॉ. कल्पना शर्मा शामिल हैं। ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी विद्यालय में जल संरक्षण के क्षेत्र में किए उनके कार्यों की मंत्रालय ने सराहना की।

उन्हें पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपए नकद दिए जाएंगे। डॉ. कल्पना ने जल संरक्षण संबंधी रैली, पोस्टर, निबंध, क्विज आदि से पानी एवं सस्टेनेबिलिटी जैसे विषय पर विद्यार्थियों को प्रेरित किया। स्कूल के रास्ते में सड़क के दोनों ओर स्थित चट्टानों पर जल संरक्षण का संदेश देती “रोक पेंटिंग्स’ बनवाईं। उन्हाेंने स्कूल में हेरिटेज क्लब भी बनाया। स्कूल में विभिन्न राज्यों में जल संग्रहण के लिए अपनाए जा रहे प्राचीन तरीकों काे बताने के लिए “जल जागरूकता दीवार‘ भी बना रखी है।

स्कूल की बगिया में बूंद-बूंद तकनीक से होती है सिंचाई
स्कूल में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए जल जागरुकता आधारित राेचक सांप सीढ़ी बना रखी है। न्यूट्रिशन गार्डन में “पाॅट इरीगेशन’ तकनीक अपना रखी है। इस तकनीक से सिंचाई करने से पानी की काफी बचत हाेती है। मिड डे मील के बाद बर्तन धोने के समय पानी बचाने के लिए नवाचार किए। “सेव वाटर ड्राॅप कैंपेन” अभियान का आगाज कर आसपास के गांवाें मानपुरा, इंदिरा कॉलोनी में घर-घर जाकर जल संरक्षण के पेम्पलेट व पोस्टर वितरित किए। बनेड़ा के ऐतिहासिक तालाब, मान कुंड व खारिया कुंड के संरक्षण, इन्हें प्रदूषण से बचाने के लिए उन्हाेंने छात्राें व स्टाफ के सहयाेग से जन आंदोलन की शुरुआत की।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Dr. Kalpana will receive National Water Diamond Award from Ministry of Water Power, 8 selected from the country


टिप्पणियाँ