कोरोना वैक्सीनेशन के लिए 8 को अंबेडकर भवन में होगा ड्राई रन, लाभार्थी को 30 मिनट तक निगरानी में रखा जाएगा
कोविड-19 टीकाकरण महाअभियान एवं पल्स पोलियो अभियान को लेकर मंगलवार प्रातः सीएमएचओ कार्यालय में संयुक्त निदेशक डॉ. देवेंद्र चौधरी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यशाला हुई। इसमें 8 जनवरी को कोविड-19 वैक्सीन ड्राई रन एवं 17 जनवरी को पल्स पोलियो अभियान चलाने का निर्णय हुआ। संयुक्त निदेशक डॉ. देवेंद्र चौधरी ने करणी चौक स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन एवं धोलीपाल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) में आयोजित किए जा रहे ड्राई रन के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि ड्राई रन में सबसे पहले लाभार्थी को सेंटर में प्रवेश करने पर मास्क लगाने को हाथों को साबुन से धोने या सेनिटाइजर से हाथ साफ करने के लिए कहा जाएगा। उसके बाद गार्ड की ओर से से मोबाइल पर विभाग की ओर से भेजे गए मैसेज को चैक किया जाएगा। उसके बाद लाभार्थी को टीकाकरण कक्ष में भेजा जाएगा, जहां पर सत्यापित आफिसर द्वारा उसके पहचान दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद उसे वेक्सीनेटर ऑफिसर द्वारा टीकाकरण की प्रक्रिया (डेमो) को पूर्ण किया जाएगा और कोविड सॉफ्टवेयर में लाभार्थी के टीके लगाए जाने की एंट्री की जाएगी। लाभार्थी को 30 मिनट के लिए निगरानी कक्ष में वैक्सीनेशन ऑफिसर की निगरानी में रखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर बार प्रत्येक अभियान में 5 साल तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो वैक्सीन की 2 बूंदें पिलानी जरूरी है। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने समस्त बीसीएमओ से कहा कि लाभार्थियों की अद्यतन सूची को भेजा जाए ताकि उसे जल्द से जल्द अपलोड किया जा सके।
आरसीएचओ डॉ. विक्रमसिंह ने टीकाकरण की प्रगति और लाइन लिस्टिंग की समीक्षा कर सम्पूर्ण टीकाकरण को शत प्रतिशत तक लाने के लक्ष्य को जल्द हासिल करने की कार्ययोजना पर चर्चा की। बैठक के बाद कलेक्टर जाकिर हुसैन, चिकित्सा विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. देवेंद्र चौधरी, एसडीएम कपिल यादव ने जंक्शन में करणी चौक स्थित अंबेडकर भवन में बनाए जा रहे मॉडल कोविड-19 वैक्सीनेशन सैंटर का अवलोकन किया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ