7 साल की बच्ची के साथ बेरहमी की हद पार, गर्म सरिए और जलती सिगरेट से दागा, निकाले पांव के नाखून

लॉयन न्यूज,बीकानेर। प्रदेश के राजसमंद जिले से इंसानियत को शर्मसार करने का मामला सामने आया हैं। यहां पर 7 वर्ष की एक मासूम बालिका के साथ बेरहमी की सारी हदें पार की गई। जिसमें उसके रिश्तेदार दंपती ने उसे गर्म सरिए और जलती सिगरेट से दागा ही नहीं, बल्कि उसके हाथ और पांव के नाखून तक निकाल लिए।
मामला राजसमंद जिले के भीम थाना क्षेत्र के थानोटा गांव का है। जहां सात साल की एक बालिका की परवरिश के उसके रिश्तेदार किशन सिंह और उनकी पत्नी रेखा कर रहे थे। पता चला कि बच्ची की छोटी-छोटी गलतियों पर यह दंपती उसके साथ बेरहमी से मारपीट ही नहीं करता, बल्कि गर्म लोहे के सरियों और जलती सिगरेट से उसे दाग देता। यहां तक इस दंपती ने बालिका के हाथ और पैर के नाखून तक खींचकर निकाल दिए। इस तरह की अमानवीय पीड़ा बालिका कई माह से झेलती जा रही थी।

आरोपी दंपती को गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलने पर चाइल्ड लाइन संस्था के लोग उसके पास पहुंचे। मामले की गंभीरता के बावजूद पुलिस ने जब आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की तो अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की दखल के बाद मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया।

मासूम की मां की हो चुकी है मौत
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मासूम की मां की मौत हो चुकी है। उसके बाद उसके पिता ने दूसरी शादी कर ली। दूसरी शादी के बाद वह अपनी बच्ची को रिश्तेदारों के हवाले करके गुजरात मजदूरी करने चला गया। पीछे से रिश्तेदारों ने बच्ची पर अत्याचार करते हुये हैवानियत की सभी हदें पार कर दी। मामला सामने आने के बाद बाल कल्याण समिति अब इस केस की निगरानी कर रही है।

 

संगीता बेनीवाल ने लिया प्रसंज्ञान
वहीं राजसमंद में मासूम के साथ अमानवीयता के मामले में बाल संरक्षण आयोग अध्यक्ष संगीता बेनीवाल ने प्रसंज्ञान लिया हैं। राजसमंद एसपी से रिपोर्ट मांगी हैं। आरोपी को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी। कहा-इस मामले में कुछ तथ्य और सामने आ रहे है।

Related Posts



टिप्पणियाँ