राजस्थान लोकसेवा आयोग की एक खामी के कारण बेरोजगारों को फिर से आंदोलन का सहारा लेना पड़ रहा है। स्कूल व्याख्याता भर्ती-2018 में आयोग ने 14 प्रतिशत पद बढ़ाए बिना ही ईडब्ल्यूएस और एमबीसी को आरक्षण दे दिया। जबकि सरकार की घोषणा के अनुसार इस भर्ती में 700 पद बढ़ाए जाने की जरूरत थी।
अब बेरोजगारों ने स्कूल व्याख्याता भर्ती में 700 पद बढाने की मांग को लेकर शहीद स्मारक पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। धरना दे रहे पंकज गोदारा, हनुमान ढाका, राकेश विश्नोई और जयदेव ने बताया कि आरपीएससी ने स्कूल व्याख्याता के 5 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। यह भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के बाद ईडब्ल्यूएस का 10 फीसदी और एमबीसी का बढा हुआ 4 फीसदी आरक्षण यानी कुल 14 फीसदी आरक्षण का नियम लागू हुआ। तब सरकार ने कहा था कि बढ़े हुए आरक्षण के हिसाब से नए पद सृजित किए जाएंगे।
लेकिन आरपीएससी ने इस भर्ती में ईडब्ल्यूएस और एमबीसी का आरक्षण तो लागू कर दिया, लेकिन पदों की संख्या नहीं बढ़ाई और आज भी इसमें 5 हजार पद ही है। आयोग से वे कई बार पद बढ़ाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं होने के कारण मजबूरन अब आंदोलन का सहारा लेना पड़ रहा है। सरकार ने एलडीसी भर्ती-2018 में भी सामान्य और ओबीसी वर्ग के पदों की कटौती को वापस लेकर पद बढ़ाए हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ