शिक्षा विभाग में तबादलों के बाद शिक्षकों के सामने रिलीविंग-जॉइनिंग को लेकर दिक्कतें खड़ी हो गई हैं। चुनाव आचार संहिता के कारण शिक्षकों को जॉइनिंग और रिलीविंग के लिए पूरा समय नहीं मिल पाया है। कुछ शिक्षक ऐसे हैं जिनका तबादला बीकानेर से बाड़मेर और बांसवाड़ा किया गया है। इन जिलों की बीकानेर से दूरी करीब 457 से 657 किलोमीटर है।
ऐसे में अब शिक्षकों को एक दिन में अपने वर्तमान स्थान से कार्य मुक्त होकर बाड़मेर और बांसवाड़ा की 457-657 किलोमीटर की दूरी तय करके ज्वाइन करने में समस्या आ रही है। वही जिनका तबादला गलत हो गया है वे अपनी परिवेदना लेकर शिक्षा निदेशालय पहुंच रहे हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने इन्हें तुरंत कार्य मुक्त होकर कार्य ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
उधर, शिक्षक संगठन रिलीविंग और जॉइनिंग डेट में बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं। शिक्षकों का कहना है कि ट्रांसफर पर कार्यमुक्त और कार्य ग्रहण के लिए 10 दिन का समय दिया जाता है। लेकिन समय पर तबादले नहीं होने के कारण शिक्षकों के सामने यह समस्याएं खड़ी हो गई है। बीकानेर से बांसवाड़ा तक सीधी ट्रेन की व्यवस्था भी नहीं है। वहीं जिन शिक्षकों का तबादला बिना आवेदन के ही हो गया है।
130 मंत्रालयिक कर्मियों के भी तबादले
शिक्षा विभाग में 130 मंत्रालयिक कर्मचारियों के भी तबादले किए गए हैं। इनके स्थानांतरण आदेश पर भी 4 जनवरी की तारीख है। बीकानेर मंडल के संयुक्त निदेशक की ओर से भी 20 मंत्रालयिक कर्मचारियों के स्थानांतरण किए गए हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ