शिक्षा विभाग का फैसला : पहली से 5वीं तक के छात्रों को स्कूल से मिलेंगे 60 प्रतिशत नंबर, बचे हुए 40 प्रतिशत के लिए देनी होगी परीक्षा
लॉयन न्यूज, बीकानेर। कोरोना काल में पिछले साल जो बच्चे बिना परीक्षा पास हो गए थे, उन्हें इस साल भी ज्यादा माथापच्ची करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। खासकर की पहली से पांचवीं क्लास में पढऩे वाले छात्रों को। क्योंकि इन छात्रों को 60 प्रतिशत नंबर स्कूल इंटरनल के रूप में स्कूल से ही मिलेंगे, जबकि बचे हुए 40 प्रतिशत नंबर के लिए ही परीक्षा देनी होगी। यह बात माध्यमिक शिक्षा निदेशक सौरभ स्वामी ने बताई। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था कक्षा एक से पांच के लिए है, जबकि 6वीं से 8वीं तक के बच्चों को 50 प्रतिशत अंक इंटरनल के रूप में स्कूल देगा।
दरअसल, कोरोना काल के चलते शिक्षा विभाग ने बच्चों के इंटरनल और एक्सटर्नल मार्क्स तय कर दिए हैं। इस फैसले से सबसे ज्यादा राहत प्रायमरी के छात्रों को मिलेगी। इन छात्रों को सिर्फ 40 फीसदी नंबर के लिए ही परीक्षा देनी है। यह परीक्षा भी बहुत आसान तरीके से ली जाएगी। बच्चों के लिए तैयार हो रही वर्कबुक से ही उसे परीक्षा देनी होगी। इसी तरह कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों को पचास फीसदी अंक स्कूल से इंटरनल के रूप में मिलेंगे। शेष पचास फीसदी अंक उसे परीक्षा देकर लाने होंगे। इन बच्चों को भी वर्क बुक मिलने वाली है। इस वर्क बुक के आधार पर ही बच्चों को परीक्षा देनी होगी।
पहली बार कक्षा एक से पांच के बच्चों भी वैकल्पिक प्रश्न मिलेंगे। करीब बीस फीसदी अंक तो वैकल्पिक प्रश्नों के ही होंगे। ऐसे में बच्चों के लिए लिखित परीक्षा भी बहुत आसान होने वाली है। कक्षा 9 से 12 के बच्चों को बीस फीसदी अंक ही इंटरनल के रूप में स्कूल से मिलेंगे, बचे हुए 80 फीसदी नंबर परीक्षा से लाने होंगे। स्वामी के अनुसार यह व्यवस्था सिर्फ इसी सत्र के लिए है, क्योंकि कोरोना संकट के चलते बच्चों की स्कूल अभी बंद हैं। ऐसे में नए सत्र में फिर से पुरानी व्यवस्था ही लागू हो सकती है। जिसमें सभी स्टूडेंट्स को अस्सी फीसदी अंक पेपर से ही लाने होते हैं।

टिप्पणियाँ