5 साल में पेट्रोल 29.93, डीजल 36.30 व सिलेंडर की 292 रु. कीमत बढ़ी

देश में तेल कंपनियों की ओर से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। हाल ये है कि इन बढ़ती कीमतों पर ब्रेक नहीं लगा तो आने वाले समय में 100 रुपए प्रति लीटर के आंकड़े तक भी पहुंच सकती है। देश में सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल राजस्थान में है। जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाके के बर्फीले श्रीनगर से भी 5.50 रुपए महंगा पेट्रोल-डीजल बाड़मेर में बिक रहा है।

इतना ही जोधपुर से भी करीब 1.20 रुपए तक महंगा है। जबकि देश का 25% कच्चा तेल बाड़मेर से मंगला से उत्पादित होता है, इसके बावजूद राजस्थान के लोग देश का सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल खरीद रहे हैं। यहां तक कि अब तो बाड़मेर में तेल रिफाइन के लिए रिफाइनरी भी लग रही है।

इस महंगे डीजल-पेट्रोल के पीछे सबसे बड़ी वजह यह है कि राज्य सरकार की ओर पेट्रोल पर 38% और डीजल पर 28% टैक्स वसूला जा रहा है। पांच सालों में बाड़मेर में पेट्रोल 29.93 रुपए, डीजल 36.30 रुपए प्रति लीटर और एलपीजी गैस 292 रुपए प्रति सिलेंडर महंगी हो गई है।
5 साल में 2 साल कीमतें घटी फिर भी 35% बढ़ी कीमतें
जनवरी 2016 में बाड़मेर में पेट्रोल 63.31 रुपए और डीजल 48.83 रुपए प्रति लीटर था। इसके बाद इन पांच सालों में लगातार पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ी है। सबसे ज्यादा वर्ष 2020 में करीब 13 रुपए पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ी है। जबकि 2017 74.60 रुपए पेट्रोल था, जो 2018 में एक रुपए सस्ता 73.88 रुपए था। इसके बाद 2019 में फिर से कीमतें घटी है। इसके बावजूद 2020 में करीब 13 रुपए कीमत बढ़ कर पेट्रोल 93.24 रुपए और डीजल 85.13 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गया।

सवाल; बाड़मेर से देश का 25% तेल उत्पादन, फिर भी देश का महंगा तेल राजस्थान में क्यों?

बाड़मेर में जोधपुर से भी 1.80 रुपए महंगा डीजल
बाड़मेर में जोधपुर से भी करीब 1.80 रुपए महंगा डीजल-पेट्रोल है। इसकी वजह ये है कि जिले के पेट्रोल पंपों में सप्लाई होने वाला डीजल-पेट्रोल जोधपुर के ऑयल डिपो से आता है। इसी ट्रांसपोर्टेशन की वजह से जोधपुर में पेट्रोल 91.45 रुपए लीटर है, जबकि बाड़मेर में 93.24 है।

प्रदेश में इन चार शहरों में सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल

प्रदेश में सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल श्रीगंगानगर में है। गंगानगर में पेट्रोल 96.10, डीजल 87.75, हनुमानगढ़ 95.44 और 87.14, बीकानेर में 94.0 और 86.0, जैसलमेर में 94.19 और 86.01 रुपए प्रति लीटर है। जबकि बाड़मेर पांचवें नंबर पर सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल वाला शहर है, जहां 93.24 रुपए पेट्रोल और डीजल 85.13 रुपए है।

क्रूड से देश व राज्य को 10 हजार करोड़ की कमाई

बाड़मेर में 2009 से क्रूड तेल का उत्पादन हो रहा है। वर्तमान में देश का 25 प्रतिशत तेल बाड़मेर से निकल रहा है। इसे 2022 तक करीब 3 लाख बैरल प्रतिदिन उत्पादन का लक्ष्य है। सरकार को वर्तमान में सालाना 10 हजार करोड़ रुपए की रॉयल्टी इस क्रूड तेल से मिल रही है। फिर भी बाड़मेर महंगे पेट्रोल-डीजल की मार झेल रहा है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
In 5 years, petrol is 29.93, diesel 36.30 and cylinder's Rs 292. Price rise


टिप्पणियाँ