लॉयन न्यूज,बीकानेर। पहले से बेचे गए भूखंड को दोबारा बेचकर 14 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। घटना हनुमानगढ़ की हैं। इस सम्बंध में प्रार्थी ने न्यायालय के आदेश पर जवाहर नगर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया हैं। प्रार्थी भागीरथ जाट निवासी कुंज विहार प्रथम ने आरोप लगाते हुए बताया कि वह कारोबार के लिए भूखंड व मकान की तलाश कर रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात अग्रसेन नगर निवासी तरसेमलाल गर्ग से हुई। उसने खुद को शक्ति प्रोपर्टी डीलर के नाम से संपत्ति खरीद-फरोख्त का काम करना बताया। उसके साथ ही उसका बेटा मनीष कुमार भी प्रोपर्टी का कारोबार करता है। पिता-पुत्र ने हनुमानगढ़ रोड आदर्श कॉलोनी में प्लॉट बताए। यह भी बताया कि यह भूमि सुभाष गोदारा व राकेश गोदारा पुत्र राधेराम गोदारा की संपत्ति है। इस कॉलोनी में 10 फीसदी हिस्सेदारी उसकी भी है। इसकी रजिस्ट्री वह सीधे ही सुभाष गोदारा व राकेश गोदारा से उसके नाम करवा देगा।
प्रोपर्टी डीलर पिता-पुत्र ने उसको कॉलोनी ले आउट व प्लान दिया। इस पर भूखंड संख्या 13 पसंद आया। सुभाष व राकेश ने तरसेम लाल गर्ग का भी इसमें हिस्सा बताया। यह प्लॉट तरसेमलाल के नाम से है, जिसकी रजिस्ट्री करने के लिए दोनों भाई पाबंद हैं। इस प्लॉट के 14 लाख रुपए तय हुए। 28 अक्टूबर 2015 को आरोपियों को 14 लाख रुपए दे दिए। आरोपियों ने इकरारनामा करवाकर उसको सौंप दिया। कुछ समय बाद प्लॉट का पंजीकृत बैयनामा कराने को सुभाष व राकेश से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि जल्द करवा देंगे।
इसके बाद वे टालमटोल करते रहे। बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। बाद में पता चला कि यह प्लॉट तो किसी रजनी जैन व तरुण जैन का है। आरोपियों ने षड्यंत्र रचकर उससे 14 लाख रुपए हड़प लिए। यह प्लॉट सुभाष व राकेश ने 26 सितंबर 2014 को ही रजनी व तरुण जैन को बेच दिया था। पुलिस ने आदर्श सिनेमा वार्ड 16 पुरानी आबादी निवासी सुभाष व राकेश पुत्र राधेराम गोदारा, तरसेमलाल गर्ग, मनीष कुमार गर्ग के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

टिप्पणियाँ