संभाग में अब तक 438 पक्षियों की मौत, रामगंजमंडी, बारां के 11 सैंपल पॉजिटिव

झालावाड़ से शुरू हुआ बर्ड फ्लू अब संभाग के सभी जिलों में फैल गया है। संभाग में अब तक 471 पक्षियों की मौत हो चुकी है। मंगलवार को भी कोटा, बूंदी, झालावाड़ और बारां में 144 पक्षियों की मौत हुई है। चिंता इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि मंगलवार को रामगंजमंडी के 6 और बारां के 5 पक्षियों के सैंपल पॉजिटिव मिले हैं। भोपाल की लैब से मिली रिपोर्ट के अनुसार 2 जनवरी को भिजवाए गए सैंपल में बर्ड फ्लू यानी एच-5 एन 8 वायरस पाया गया है। इसके बाद पशुपालन, चिकित्सा और वन विभाग अलर्ट मोड में आ गया है।

प्रदेश में सबसे पहले झालावाड़ में बर्ड फ्लू का मामला सामने आया था। झालावाड़ के राड़ी के बालाजी क्षेत्र में 25 दिसंबर से कौओं की मौत की शुरुआत हुई थी। भोपाल की लैब से 30 दिसंबर को इनकी रिपोर्ट में बर्ड फ्लू होने की पुष्टि हुई थी। अब स्थिति ये है कि पूरे संभाग में पक्षियों की मौत हो रही है।

मंगलवार को बसंत विहार के एक पार्क में 3 बगुले मृत मिले। पशु पालन से लेकर जिला प्रशासन ने एहतियात बरतना शुरू कर दिया है। कलेक्टर उज्ज्वल राठाैड़ ने अधिकारियाें काे मीटिंग लेकर सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार काे जिले में कुल 20 पक्षियाें की माैत हुई हैं। काेटा में कुल अब तक 118 पक्षियाें की माैत हाे चुकी है। बसंत विहार के भूतेश्वर पार्क में तीन बगुलाें की माैत के बाद पार्क में एंट्री पर राेक लगा दी है।

काेटा : बसंत विहार के भूतेश्वर पार्क में तीन बगुलाें की माैत : बसंत विहार स्थित भूतेश्वर पार्क मे मंगलवार सुबह तीन बगुले मृत मिले। सूचना पर दक्षिण के उपमहापाैर पवन मीणा के साथ निगम, पशुपालन और वन विभाग की टीम माैके पर पहुंची। पशुपालन विभाग की टीम ने जांच के लिए सैंपल लिए। उपमहापौर मीणा ने बताया कि वार्ड पार्षद पीडी गुप्ता की सूचना पर निगम टीम के साथ घटनास्थल पहुचे। पार्क में लाेगाें की एंट्री बंद कर दी है। निगम की और से पार्क को सेनेटाइज करवाया गया। निगम की ओर से भी अब हैल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा।

झालावाड़ : 6 माेराें समेत 53 पक्षियाें की माैत : झालावाड़ में मंगलवार को 53 पक्षियों की मौत हुई। इसमें 37 कौए और 6 मोर सहित दूसरे पक्षी शामिल हैं। झालावाड़ में काैओं के अलावा 5 बगुले, 2 तोते, 1 कबूतर, 1 कोयल और 1 चिड़िया की भी मौत हुई है।

बारां : 38 काैओं ने दम ताेड़ा: बारां के माथना में मृत मिले कौओं में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो गई है। भाेपाल से मिली रिपाेर्ट में 5 सैंपल में बर्ड फ्लू हाेने की पुष्टि हुई है। पशुपालन विभाग ने जिला प्रशासन से माथना में जीरो मोबिलिटी लागू करने की सिफारिश की है। मंगलवार को जिले में 38 कौए मृत मिले हैं।

बूंदी : रघुनाथपुरा गांव में 33 मुर्गे मृत मिले : बर्ड फ्लू के संभावित खतरे के बीच बूंदी के रघुनाथपुरा गांव में मंगलवार काे बड़ी संख्या में पक्षियों के मृत मिलने की सूचना के बाद पशुपालन विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना पर हरकत में आई डॉक्टरों की टीम सुबह ही रघुनाथपुरा गांव में पहुंच गई और सर्वे शुरू कर दिया।

नौताड़ा-धरावन पंचायत के रघुनाथपुरा गांव में 33 मुर्गे-मुर्गियां व चूजे मृत मिले हैं। इन पक्षियों के शव करीब एक किमी के दायरे में पड़े हुए थे। शवों को एकत्रित करने के बाद सैंपल लिए गए, जिन्हें जांच के लिए कोटा भिजवाया गया।

एक्सपर्ट व्यू : इंसानाें से इंसानाें में नहीं फैलता, लेकिन पक्षियाें के संपर्क में आना खतरनाक

प्राे. अनिल कुमार छंगाणी, विभागाध्यक्ष पर्यावरण विभाग, महाराजा गंगासिंह यूनिवर्सिटी बीकानेर
बर्ड फ्लू के इंसानाें में ट्रांसमिशन के पूरे चांस हैं, लेकिन यह वायरस इंसानाें से दूसरे इंसान में नहीं फैलता है। लेकिन, संक्रमित पक्षियाें के संपर्क में आने से इंसान भी संक्रमित हाे सकते हैं।

यह वायरस बाहर सेआने वाले पक्षियाें से ही स्थानीय पक्षियाें के आने की संभावना है। बाहर से आने वाले पक्षियाें में यह वायरस रिजर्व में हाेता है। लेकिन, जब ये पक्षी यहां स्थानीय पक्षियाें के संपर्क में आते हैं ताे यह उन्हें संक्रमित कर देता है। चुग्गा स्थल से लेकर पाेल्ट्री फाॅर्म में फैलने की अधिक संभावना है। संक्रमित चिकन और अंडाें के सेवन से भी ये फैल सकता है। ऐसी स्थिति में डाेमेस्टिक बर्ड काे मारने के अलावा अन्य काेई विकल्प नहीं है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
बूंदी में सैंपल लेती टीम।


टिप्पणियाँ