सिराज और ठाकुर की जोड़ी ने दिखाया कमाल, बारिश के खलल के बीच भारत को 328 रन का लक्ष्य

लॉयन न्यूज,बीकानेर। मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर की उम्दा गेंदबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलिया को चौथे क्रिकेट टेस्ट के वर्षाबाधित चौथे दिन सोमवार को दूसरी पारी में 294 रन पर आउट करने के बाद भारत को आखिरी दिन जीत के लिए 324 रन बनाने होंगे। भारत को 328 रन का लक्ष्य मिला जिसके जवाब में बारिश के कारण चौथे दिन खेल समय से पहले रोके जाने तक भारत ने बिना किसी नुकसान के चार रन बना लिए थे। रोहित शर्मा चार रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि शुभमन गिल ने अभी खाता नहीं खोला है।

गाबा की विकेट को देखते हुए यह लक्ष्य बहुत मुश्किल होगा। गाबा पर चौथी पारी में सर्वोच्च लक्ष्य का पीछा करके जीत 1951 में वेस्टइंडीज ने हासिल की है जब उसने 236 रन बनाए थे। अपने प्रमुख गेंदबाजों के बिना खेल रही भारतीय टीम के युवा और अनुभवहीन तेज गेंदबाजों ने अपने फन का लोहा फिर मनवाया। सिराज ने 19.5 ओवर में 73 रन देकर पांच विकेट लिए। वहीं ठाकुर ने 61 रन देकर चार और मैच में कुल सात विकेट चटकाए। सिराज ने पांच विकेट लेने के बाद मैदान पर जमा दर्शकों की ओर गेंद दिखाकर अभिवादन स्वीकार किया।

 

Related Posts



टिप्पणियाँ