सोशल मीडिया के जरिए नौकरी, सेक्स वर्कर उपलब्ध करवाने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार देर शाम तीन और युवकों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी राजन दुष्यंत ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवकों में जैतसर थाना क्षेत्र के गांव गोविंदसर के निवासी भीमसेन (27) पुत्र जसराम कुम्हार और पवन सैन (20) पुत्र सुभाष सैन के साथ श्रीविजयनगर थाना क्षेत्र में चक 14-जीबी निवासी जगदीश सिंधी (32) पुत्र हेमराज शामिल हैं।
इस प्रकरण में अब तक 15 युवकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसपी दुष्यंत ने बताया कि गोविंदसर के कुछ युवकों पर आधारित यह गिरोह सोशल मीडिया से लोगों को नौकरी दिलाने के झांसे देने और सेक्स वर्कर उपलब्ध करवाने तथा विभिन्न प्रकार के प्रलोभन में फंसाकर ब्लैकमेलिंग करता है। उन्होंने बताया कि इस साइबर गिरोह में शामिल पवन सैन और भीमसेन फिलहाल नेतेवाला गांव की नीलकंठ एन्क्लेव कॉलोनी में रहते हैं।
असल में यह दोनों ही इस गिरोह के बड़े खिलाड़ी हैं। काफी समय से ये लोगों को ठगने का काम कर रहे हैं। इनके द्वारा फर्जी सिम कार्ड पर वाट्सएप अकाउंट तथा अन्य सोशल मीडिया के जरिए चैटिंग कर लोगों को सेक्स वर्कर उपलब्ध करवाने के झांसे दिए जाते हैं।
झांसे में आए हुए व्यक्ति से फर्जी पेटीएम अकाउंट में राशि जमा करवाकर ठगी करना गिरोह का मुख्य काम है। पुलिस ने पिछले सप्ताह 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। बाद में सूरतगढ़ के दो और युवकों को गिरफ्तार किया जो इस गिरोह को फर्जी आईडी पर सिम कार्ड देने और पेटीएम पर फर्जी अकाउंट खोलने में मदद करते थे।
शातिर इतने, पकड़े जाने से बचने के लिए ठगी की रकम दुकानदार के मार्फत कैश करवाते थे
एसपी ने बताया कि इनके द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल और फर्जी सिम कार्ड बरामद करने की कार्रवाई चल रही है। गिरोह को ठगी गई रकम फर्जी पेटीएम अकाउंट में डलवाने के बाद उसे कैश करवाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती थी, क्योंकि रकम को पर्सनल अकाउंट में ट्रांसफर करने से पकड़े जाने का डर रहता था। पकड़े जाने से बचने के लिए गिरोह में शामिल लोग ठगी की रकम किसी दुकानदार के मार्फत से कमीशन देकर कैश करवा लेते थे।
बदले में दुकानदार को 10 प्रतिशत कमीशन का लालच देते थे। राशि कैश करने वाले दुकानदार जगदीश को आरोप प्रमाणित पाए जाने पर उसे गिरफ्तार किया गया है। जगदीश की श्रीविजयनगर में मोबाइल की दुकान है। इस गिरोह के कई सदस्य उससे मोबाइल फोन खरीदने आते रहते थे।
जगदीश के पेटीएम अकाउंट की ट्रांजेक्शन हिस्ट्री निकाली जा रही है।मामले की जांच जिला विशेष दल (डीएसटी) द्वारा की जा रही है एसपी ने बताया कि गिरोह में शामिल युवकों के बैंक अकाउंट को फ्रीज करवाने की कार्रवाई की जा रही है। अब तक गिरफ्तार किए गए 15 युवकों तथा अन्य आरोपियों के नाम सामने आए हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ