अनाज व्यापारी से 25 लाख रुपए की लूट के सहयाेगी 6 गिरफ्तार, मुख्य 3 आराेपी फरार, 18.50 लाख बरामद

शहर के कैलाश नगर में 10 दिन पूर्व अनाज व्यापारी से 25 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने गुरुवार काे 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 18 लाख 50 हजार रुपए बरामद किए। व्यापारी से नकदी भरा बैग छीनने वाले मुख्य तीन आराेपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। अभी साढ़े छह लाख रुपए बरामदगी बाकी है।
एसपी दीपक भार्गव ने बताया कि 29 दिसंबर को कैलाश नगर निवासी अनाज व्यापारी बंसतीलाल जैन बोहरा किला रोड स्थित एक्सिस बैंक से 25 लाख रुपए लेकर बाइक पर घर जा रहे थे।

बाइक सवार तीन बदमाश नकदी लूटकर भाग गए थे। बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज में बैंक के ऑफिस बॉय हेमेंद्रसिंह हाड़ा की गतिविधियां संदिग्ध नजर आई।व्यापारी द्वारा लेनदेन के दौरान हेमेंद्र मोबाइल पर मैसेज करता दिखा। पुलिस का शक उस पर गहरा गया। हेमेंद्र से पूछताछ में मामले कड़ी बैठती गई। पुलिस ने लूट के मामले में 9 आरोपियों को नामजद कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर 18 लाख 50 हजार रुपए बरामद किए।

लूट के मामले में गांधीनगर सेक्टर-5 हुड़को कॉलानी निवासी 40 वर्षीय हेमेंद्रसिंह पुत्र विमलसिंह राजपूत, गांधीनगर भीलों की झोपड़ियां सिद्धि विनायक कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय सूरज पुत्र मुकेश चंदानी सिंधी, गांधीनगर निवासी 19 वर्षीय संजय उर्फ सन्नी पुत्र बाबूलाल जीनगर, राशमी रेवाड़ा निवासी 50 वर्षीय राजकुमार पुत्र मांगीलाल बैरागी, मध्यप्रदेश के सीतामऊ थाना लदूना निवासी 30 वर्षीय मंगल पुत्र बाबूदास बैरागी, मध्यप्रदेश के लूदूना निवासी 25 वर्षीय सुनील पुत्र भगवानदास बैरागी को गिरफ्तार किया।


राजकुमार से 14 लाख व दो लाख उसके बैग से, एक लाख रुपए सूरज से, एक लाख रुपए हेमेंद्रसिंह और 45 हजार रुपए नकदी संजय से बरामद की। शेष साढ़े 6 लाख रुपए फरार तीन आरोपियों के पास है। डिप्टी अमितसिंह के सुपरविजन में आरपीएस प्रो. थानाधिकारी राजेश कसाणा, सीआई तुलसीराम प्रजापति, एसआई सुरेश, संग्रामसिंह, हैड कांस्टेबल साइबर सैल राजकुमार, राजेंद्रसिंह, रतलाल, उमर खां, बालमुकंद, सिपाही गजेंन्द्रसिंह, सुनील कुमार, सद्दाम, भजन सहित सहायक टीम में एसआई प्रवीणसिंह, एएसआई अमरसिंह, भूरसिंह, गोवर्धनलाल, सुभाष चंद्र, नवलराम, हैड कांस्टेबल मनजीतसिंह, भागीरथ, हीरालाल, पृथ्वीपालसिंह, पुष्पेन्द्रसिंह, लक्ष्मणसिंह, रमेश, विरेन्द्र आदि शामिल थे।

ऑफिस बॉय ने एक दिन पहले भी मैसेज पर मोटी रकम की सूचना दी थी
व्यापारी बसंतीलाल बोहरा के आए दिन ऐक्सिस बैंक से बड़ी रकम का लेन-देन करने की जानकारी आरोपी साहिल बैरागी को मिली। साहिल पूर्व में भी लूट के मामलों में आरोपी रहा है। उसने व्यापारी के बारे में मोटी रकम बैंक से निकलने की जानकारी लेने के लिए संजय उर्फ सन्नी जीनगर को बैंक के ऑफिस बाॅय हेमेंद्र सिंह हाड़ा से दोस्ती कर जानकारी लेने के लिए तैयार किया।

सन्नी ने हेमेंद्र के दोस्त सूरज श्रीचंदानी से बात कर हेमेंद्रसिंह को व्यापारी द्वारा बैंक से रकम लेकर लेकर निकलने के बारे में सूचना देने के लिए तैयार किया। फिर सूरज ने साहिल बैरागी को बैंक के ऑफिस बाॅय हेमेंद्रसिंह हाड़ा से मिलवाया। योजना व कमीशन तय होने के बाद हेमेंद्र ने 28 दिसंबर को साहिल को बंसतीलाल द्वारा बैंक से मोटी रकम ले जाने की सूचना दी। उस दिन व्यापारी 30 लाख रुपए लेकर निकला। साहिल प्रभु व नेनू वारदात करने आए लेकिन मौका नहीं मिला। 29 दिसंबर को हेमेंद्र ने फिर बताया कि बंसतीलाल 25 लाख रुपए लेकर बैंक से निकला है। साहिल, प्रभु और नेनू बैंक से पीछा करते हुए कैलाश नगर में व्यापारी से 25 लाख रुपए व मोबाइल लूटकर भाग गए। मोबाइल आगे फेंक गए थे।

फरार आरोपी प्रभुसिंह सदर थाने का हिस्ट्रीशीटर
साहिल बैरागी के खिलाफ लड़ाई झगडे, डकैती के तीन मुकदमें दर्ज हैं। राजकुमार बैरागी पर एक दर्जन चोरी, नकबजनी, मारपीट, हत्या का प्रयास आदि मामले दर्ज हैं। प्रभुसिंह सदर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ मारपीट, हत्या का प्रयास व डकैती के मामले दर्ज हैं।
पुलिस फरार लुटेरों से बरामद करेगी बाकी रुपए
बंसती लाल जैन से मौके पर नकदी भरा बैग लूट कर भागने वाले राशमी हाल रेवाड़ा निवासी साहिल पुत्र राजकुमार बैरागी, सदर थाना क्षेत्र के लालजी का खेड़ा निवासी प्रभुसिंह पुत्र गुमाणसिंह सोंधिया, सेंती निवासी नरेंद्र उर्फ नैनू पुत्र नारायण गुर्जर तीनों फरार है। जिनके पास लूट की शेष राशि है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
6 arrested for robbing 25 lakh rupees from grain businessman, chief 3 accused absconding, 18.50 lakh recovered


टिप्पणियाँ