लॉयन न्यूज,बीकानेर। पूर्वी लद्दाख में एलएसी पर एक बार फिर से झड़प की खबर सामने आयी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीनी सैनिकों ने एलएसी की यथास्थिति को बदलने की कोशिश की। उनके कुछ सैनिक भारतीय क्षेत्र में घुसने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान भारतीय सैनिकों ने उन्हें रोक लिया। दोनों तरफ के सैनिक भिड़ गए।
4 भारतीय और 20 चीनी जवान झड़प में घायल हुए हैं। मिली जानकारी के अनुसार झड़प तीन दिन पहले सिक्किम के नाकुला में हुई थी। कहा जा रहा है कि चीनी सैनिक एलएसी पार करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन भारतीय सैनिकों की कार्रवाई के बाद पीछे हटने पर मजबूर हुए। हालांकि अभी इस खबर पर सेना के आधिकारिक बयान का इंतजार है।
कल ही भारत और चीन के बीच कोर कमांडरों की 17 घंटे की मैराथन बैठक हुई थी। ये बैठक कल सुबह 9.30 बजे शुरू होकर देर रात 2.30 बजे खत्म हुई। चीन के कहने पर ये बैठक बुलाई गई थी। भारत सेना की तरफ से लेह स्थित 14वीं कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल पीजीके मेनन बातचीत कर रहे थे। चीन के बीएमपी हट मोल्डो में हुई इस बैठक में क्या कुछ निकला है ये अभी साफ नहीं है। लेकिन इस बैठक में सीमा पर तनाव घटाने और सैनिकों की वापसी पर चर्चा निर्धारित थी।

टिप्पणियाँ