शहर में रविवार को घना कोहरा छा गया। अरब सागर की तरफ से बढ़ रही नमी से यहां कोहरा छाया। इससे शहर का न्यूनतम तापमान 2 डिग्री की गिरावट के साथ 10.2 डिग्री पहुंच गया। दोपहर में भी धुंध की वजह से शहर का अधिकतम तापमान भी 2 डिग्री उतरकर 23 डिग्री पहुंच गया। जोधपुर में दिन में करीब 10 घंटे सूर्य की किरणों की मौजूदगी रहती है, लेकिन रविवार को केवल 2 घंटे ही सूर्य की किरणें दिखाई दीं। अगले दो दिनाें में बादलों की आवाजाही की संभावना है।
पूर्वी राजस्थान की तरफ बने ऊपरी हवाओं के चक्रवात से अरब सागर की तरफ से नमी राजस्थान की तरफ बढ़ रही थी। ज्यादा असर पूर्वी राजस्थान व पश्चिमी मध्यप्रदेश की तरफ होने से उन क्षेत्रों में बारिश व बूंदाबांदी की संभावनाएं थी। यहां कम दबाव के क्षेत्र का असर कम होने से यहां केवल नमी पहुंची, बारिश की संभावनाएं नहीं बनी।
इस नमी की वजह से अलसुबह कोहरा छाया और शहर में विजिबिलिटी महज 500 मीटर थी। दोपहर में भी धुंध छाए रहने की वजह से धूप असर नहीं दिखा पाई। इसके बाद शाम 5:30 बजे तक शहर में धुंध छाई रही। शहर में अगले दो दिन बादलों के छाने की संभावना है।
इसलिए छाया कोहरा और धुंध
- मौसम वैज्ञानिक डॉ. डीपी दुबे ने बताया कि उड़ीसा व छत्तीसगढ़ पर बने प्रतिचक्रवात से हवाएं दक्षिण से होते राजस्थान व मध्यप्रदेश की तरफ बढ़ रही हैं।
- वहीं उत्तरी हवाएं भी राजस्थान की तरफ आ रही हैं। इन दोनों हवाओं का मिलन पूर्वी राजस्थान व पश्चिमी मध्यप्रदेश में हो रहा है।
- इससे कोटा से ग्वालियर के बीच बादल छाए हुए हैं तथा वहां बारिश व बौछारे गिर रही हैं। पश्चिमी राजस्थान में कन्वर्जन जोन का असर कम होने की वजह से बारिश की संभावना नहीं बन रही।
- अरब सागर से आने वाली नमी यहां कोहरे व नमी का रूप ले रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ