बहुचर्चित काला हिरण शिकार प्रकरण में सलमान खान को मिली 17वीं बार हाजरी माफी,अब 6 फरवरी को उपस्थित रहने का आदेश

लॉयन न्यूज,बीकानेर। बहुचर्चित काला हिरण शिकार प्रकरण में शनिवार को सलमान खान को एक बार फिर हाजरी माफी मिल गई। सलमान को आज कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया गया था। सलमान की तरफ से कहा गया कि कोरोना महामारी के मद्देनजर जोधपुर तक की यात्रा करने में दिक्कत आ रही है। ऐसे में उन्हें कोर्ट में उपस्थित रहने से छूट प्रदान की जाए। इस पर कोर्ट ने उन्हें छूट प्रदान करते हुए अगली सुनवाई तिथि 6 फरवरी को कोर्ट में उपस्थित रहने का आदेश दिया।

सलमान की तरफ से यह लगातार 17वीं बार हाजरी माफी ली गई
इस मामले में सलमान की तरफ से यह लगातार 17वीं बार हाजरी माफी ली गई है। कोरोना काल में ही उन्हें सातवीं बार हाजरी माफी मिल चुकी है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश में हिरण शिकार से जुड़े दो मामले चल रहे है। एक दिसम्बर को न्यायाधीश ने उन्हें 16 जनवरी को कोर्ट में पेश होने का आदेश दे रखा था।

मुंबई व जोधपुर में कोविड-19 महामारी भयंकर रूप से फैली हुई-
सलमान के अधिवक्ता हस्तीमल सारस्वत की तरफ से कोर्ट में पेश हाजरी माफी में कहा गया है कि रेस्पोंडेंट मुंबई में निवास करता है। मुंबई व जोधपुर में कोविड-19 महामारी भयंकर रूप से फैली हुई है। इन परिस्थितियों में रेस्पोंडेंट का पेशी के लिए जोधपुर आना खतरे से खाली नहीं है। इस कारण रेस्पोंडेंट सलमान खान आज कोर्ट में पेश नहीं हो सका है। ऐसे में विनम्र अनुरोध है कि सलमान को आज हाजरी माफी प्रदान की जाए।

Related Posts



टिप्पणियाँ