हिमाचल और जम्मू में बर्फबारी बढ़ा रही है मैदानी इलाकों में सर्दी, 16 किमी प्रति घंटे की गति से चली हवा ने ठिठुराया
माैसम एक बार फिर पलटा है, जिला फिर से जबरदस्त सर्दी की चपेट में अा गया है। पहले तापमान में अधिक गिरावट के बावजूद सर्दी इतनी ज्यादा नहीं थी। बुधवार शाम से शुरू हुई नश्तर जैसी सर्द हवाओं ने लाेगाें काे बेहाल कर दिया। धूप नहीं निकलने से ठिठुरन और बढ़ गई। सुबह 10 बजे बाद तक भी मौसम नहीं खुला और बादलों का जमावड़ा लगा रहा। 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही सर्द हवा ने हालात और संगीन कर दिए। इसके चलते न्यूनतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस गिरावट आई। इस हिसाब से न्यूनतम मापमान 9.7 रहा जबकि दिन का तापमान डेढ़ डिग्री गिरकर 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सापेक्षिक आर्द्रता भी 86 प्रतिशत हो गई है।
बर्फबारी से बढ़ रही सर्दी...पिछले तीन दिन से उड़ीसा व छत्तीसगढ़ के बीच हवाओं का प्रति चक्रवात बना हुआ है। जिससे राजस्थान की तरफ दक्षिणी हवाएं आ रही है। इन दक्षिणी हवाओं के साथ बादल व नमी भीलवाड़ा की ओर बढ़ रही है। वहीं पूर्वी राजस्थान में भी एक चक्रवात बना हुआ है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अरब सागर से नमी व बादल आ रहे हैं। इसके चलते कुछ दिन कोहरा रह सकता है। हिमाचल और जम्मू कश्मीर में लगातार हो रही बर्फबारी ने सर्दी बढ़ाई है।
और बढ़ेगी सर्दी...सर्दी के तेवर नरम होने की संभावना अभी नहीं है। सर्दी अभी और अधिक बढ़ेगी। आसमान में छाए बादल और सर्द हवाओं के कारण पारा और गिरने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग जयपुर के अनुसार फिलहाल दो से तीन डिग्री सेल्सियस तापमान गिरने की संभावना है। इसलिए इस हफ्ते सर्दी से राहत मिलने की संभावना कम ही है। शीतलहर चल सकती है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ