लॉयन न्यूज,बीकानेर। करीब 14 माह से वेतन न मिलने से आर्थिक तंगी से परेशान होकर एक श्रमिक ने अपनी फैक्ट्री में ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना श्रीगंगानगर के रीको क्षेत्र की हैं। जहां पर रीको औद्योगिक क्षेत्र में विकास डब्ल्यू एसपी में बुधवार देर शाम यह हादसा हुआ। गांव लालगढ़ जाटान निवासी श्रमिक हनुमान सुथार (55) का शव शाम लगभग 7 बजे फैक्ट्री में डीजी (डीजल जेनरेटर) रूम में फंदे पर लटकते हुए मिला।
मजदूरों को जैसे ही घटना का पता लगा तो वे बड़ी संख्या में फैक्ट्री जा पहुंचे। इस दौरान मजदूरों ने फैक्ट्री मालिक पूर्व विधायक कामिनी जिंदल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसी बीच सदर थाना से भी पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस ने मजदूरों से समझाइश के प्रयास भी किए, लेकिन मजदूर और उग्र हो गए। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
रात को एसडीएम उम्मेदसिंह रतनू मौके पर पहुंच गए। उन्होंने देर रात 2 बजे बताया कि दोनों पक्षों में वार्ता जारी है। मृतक के 3 बेटी व एक बेटा बताया जा रहा है। विकास डब्ल्यू एसपी कर्मचारी यूनियन के एक पदाधिकारी ने कहा कि जब तक प्रशासन बकाया वेतन के विवाद को नहीं सुलझाता। तब तक श्रमिक हनुमान के शव को डीजी रूम से नहीं हटाने दिया जाएगा।


टिप्पणियाँ