लॉयन न्यूज,बीकानेर। रक्षाबंधन ्रपर जब एक बहन भाई को रक्षासूत्र बांधती है, तो भाई उसे रक्षा का वचन देता है पर राजस्थान के जोधपुर में इस प्यार का उल्टा उदाहरण देखने को मिला। यहां एक 10 साल की बहन मासूम भाई को बचाने के लिए एक जंगली सूअर से भिड़ गई। जोधपुर के ओसियां इलाके में बुधवार को 10 साल की लड़की ने भाई के लिए अनोखी मिसाल पेश की। बिना अपनी जान की परवाह किए डेढ़ साल के भाई को बचाने के लिए जंगली सुअर से जूझ गई। घटना में भाई और बहन दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का ही इलाज जिले के महात्मा गांधी अस्पताल में चल रहा है। वहीं, घटना के बाद ग्रामीणों ने सूअर को लाठियों से पीटकर मार डाला।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, यह घटना ओसियां तहसील के पड़ासला गांव के एक खेत में बुधवार को सुबह हुई। यहां खेत में भंवरु और उसकी पत्नी संतोष काम कर रहे थे। उनका डेढ़ साल का बेटा खेत में बने घर के बाहर खेल रहा था। अचानक एक जंगली सूअर ने उस पर हमला बोल दिया। बच्चे के चिल्लाने पर उसकी 10 साल की बहन संगीता उसके पास पहुंची तो बिना जान की परवाह किए वह सूअर से जा भिड़ी।
सूअर ने की डराने की कोशिश
हमले के दौरान जंगली सूअर ने दोनों को डराने की काफी कोशिश की, पर बालिका के साहस के आगे वह नहीं टिक पाया। बच्ची को सूअर से लड़ता देख वहां मौजूद बाकी लोग आ गए और सूअर पर हमला करने लगे। लहूलुहान बच्चे और उसकी बहन को पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। फिर वहां से दोनों को जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

टिप्पणियाँ