ट्रॉमा सेंटर में मरीज की मौत के बाद मेल नर्स को पीटा, 10-15 लोगों ने ट्रॉमा सेंटर में तोड़फोड़ की, 3 गिरफ्तार

एसएमएस अस्पताल में काम करने वाले चिकित्सा कर्मियों की सुरक्षा पर फिर सवाल उठ गए। रविवार देर रात ट्रॉमा सेंटर में मरीज की मौत के बाद उसके परिजनों सहित 10-15 लोगों ने वार्ड में घुसकर मेल नर्स मुनीराज मीणा को लात-घूंसों से पीटा। ट्रोमा सेंटर के वार्ड में रखे सामान व दवाएं जमीन पर गिरा दीं। दरवाजे-खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। घटना के बाद जैसे-तैसे कर वहां मौजूद अन्य नर्सिंग कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डो ने बीच-बचाव किया। इस दौरान नर्सेज के भी चोटें आई हैं।

घटना के बाद नर्सेज ने कार्य बहिष्कार कर दिया। चिकित्सा मंत्री डॉ.रघु शर्मा के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। अशोक नगर थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले में हॉस्पिटल प्रशासन की तरफ से रिपोर्ट दर्ज हुई है। आशीष शर्मा, अवतार सिंह, गोविन्द सिंह को शांतिभंग में गिरफ्तार किया गया है।

राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष प्यारेलाल चौधरी, कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह शेखावत, रमेश सैनी, प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील शर्मा एवं प्रदेश संयोजक शशिकांत शर्मा ने अस्पताल प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर 24 घंटे के अंदर दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो बुधवार से रोजाना 2 घंटे कार्य बहिष्कार किया जाएगा।

देरी से पहुंची पुलिस, क्योंकि- एसएमएस मोतीडूंगरी थाने और ट्रॉमा सेंटर अशोक नगर थाना इलाके में है
एसएमएस अस्पताल मोतीडूंगरी थाना इलाके और ट्रॉमा सेंटर अशोक नगर थाना इलाके में आता है। अशोक नगर पुलिस को आने में देरी लगी। अगर मोतीडूंगरी थाने में होता तो पुलिस जल्द आने पर अस्पताल परिसर में मेल नर्स के साथ इस तरह की घटना नहीं होती। ऐसे में अस्पताल अधीक्षक डॉ.राजेश शर्मा ने मेडिकल शिक्षा सचिव वैभव गालरिया को पूरेे मामले की जानकारी देने के बाद अब ट्रॉमा सेंटर को भी मोतीडूंगरी थाना इलाके में शामिल करने की बात कही है।

^अस्पताल अधीक्षक से जानकारी ली है। आगे से ऐसी घटनाएं नहीं हो, इसके लिए सुरक्षा के पूरे इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में ऐसी गुंडागर्दी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं होगी।
डॉ.रघु शर्मा, चिकित्सा मंत्री
ट्रॉमा सेंटर में घुसकर मारपीट करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। नर्सेज के पदाधिकारियों को समझाने के बाद काम पर लौट आए है।
डॉ.राजेश शर्मा, एसएमएस अधीक्षक



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
वार्ड में मचा उपद्रव कैमरों में कैद


टिप्पणियाँ