बजरी माफिया ने पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया,1 पकड़ा

पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद बजरी माफिया पर लगाम नहीं लग रही है। शनिवार को रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में बजरी माफिया द्वारा नाकाबंदी के दौरान पुलिस जवानों को कुचलने का प्रयास करने का एक मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में दो डंपर व एक कार को जब्त करके एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में डंपर ट्रक चालक मौके से फरार हो गए हैं।
रेलवे कॉलोनी थानाधिकारी एवं प्रशिक्षु आईपीएस एन प्रवीण नायक ने बताया कि रंगपुर फ्लाईओवर ब्रिज पर पुलिसकर्मी शुक्रवार रात को नाकाबंदी कर रहे थे। इस दौरान तीन अवैध बजरी से भरे हुए डंपर और ट्रक तेज गति से जाते नजर आए। जिनको आगे और पीछे एक-एक कार एस्कोर्ट कर रही थी।

एस्कोर्ट कर रही कार को पुलिस जाब्ते ने रुकने का इशारा किया तो सभी वाहनों के चालकों ने तेज गति से वाहन भगाना शुरू कर दिया। चालकों ने पुलिस जाब्ते को कुचलने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई बदमाश पुलिस बैरिकेट्स को टक्कर मारते हुए वहां से फरार हो गए।
इसके बाद बाद पुलिस ने उनका पीछा किया। सूचना पाकर अन्य अधिकारी भी बदमाशों का पीछा करने लगे। इस दौरान डंपर चालक ने सोगरिया के नॉर्थ एक्स टाउनशिप के गेट पर टक्कर मारी और वहां पर बजरी खाली करके वहां से फरार हो गया। दूसरे दो ट्रक चालकों ने पुलिस का रास्ता अवरुद्ध करने और तेज गति से भागने के लिए पेट्रोल पंप के सामने अवैध बजरी खाली कर दी।

इसके बाद भी पुलिस जाब्ता ने बजरी माफिया का पीछा करना जारी रखा। इसपर गाड़ियों में सवार 2 व्यक्ति वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में वाहनों को एस्कोर्ट करने वाली गाड़ी के चालक मुकेश पुत्र रामेश्वर गुर्जर 41 वर्ष निवासी वसुंधरा विहार, कोटा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह जहाजपुर बनास नदी से बजरी लेकर आते हैं और पुलिस से बचने के लिए गाड़ी को एस्कोर्ट करते हुए लाते हैं।
पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से होती है बजरी सप्लाई

शहर में बजरी माफिया और पुलिस की मिलीभगत से ही बजरी सप्लाई होती है। हाइवे की चौकियों और थानों के पुलिसकर्मियों की मिलीभगत के कई मामले सामने आ चुके हैं। 2 साल पहले तत्कालीन एसपी दीपक भार्गव ने पूरी बड़गांव चौकी को निलंबित कर दिया था।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ