दिल्ली पहुंचे हाड़ौती के किसान नेता, आगामी रूपरेखा बनाई

बाॅर्डर पर आंदोलन में हाड़ौती के किसान नेता भी पहुंचे। उन्होंने आंदोलन की आगामी रूपरेखा भी बनाई। इस दौरान राजस्थान सहित अन्य राज्यों की सीमाओं को भी ठप करने और आंदोलन को गांवों तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया। रविवार को हाड़ाैती किसान यूनियन के महामंत्री दशरथ कुमार, किसान जागृति संगठन के प्रमुख इरफान जाफरी, बद्रीलाल बैरागी, हरिकिशन सिंह, दयाकिशन शर्मा ने दिल्ली पहुंच कर टिकरी, सिन्धु बोर्डर पर आन्दोलनरत किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से व्यापक चर्चा की। किसान नेता दशरथ कुमार ने बताया कि इस आंदोलन को गांवों तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।
इस दाैरान योगेन्द्र यादव सहित विभिन्न किसान संगठनों की अगुवाई में राजस्थान के विभिन्न राज्यों की सीमाओं को ठप करने का निर्णय लिया गया। वहीं, हाड़ाैती किसान यूनियन के प्रतिनिधि जगदीश कुमार ने केन्द्रीय वाणिज्य मंत्री व कृषिमंत्री को पत्र प्रेषित कर आग्रह किया कि खाड़ी देशों से व्यापारिक संबन्धों को सकारात्मक रूप देकर हाड़ाैती के बासमती धान का निर्यात कर 50 हजार किसानाें को लाभकारी मूल्य दिलाया जा सके।

किसान संघर्ष समन्वय समिति आज से देगी धरना

देशव्यापी किसान आन्दोलन को तेज और व्यापक बनाने की योजना के तहत सोमवार को देशभर में किसान व विभिन्न किसान आन्दोलन के सहयोगी मज़दूर, छात्र, नौजवान, महिला, कर्मचारी संगठनों के ओर से सभी जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

अखिल भारतीय किसान सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष दुलीचंद बोरदा ने बताया कि हाड़ौती में किसान आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए कलेक्ट्रेट पर दोपहर 12 बजे समिति के संयोजक फतेहचंद बागला की अध्यक्षता में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। यह धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक किसान विरोधी काला कानून केंद्र सरकार द्वारा वापस नहीं लिया जाता।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ