पुलिसवाले के घर से नकदी-जेवर चोरी, वर्कशॉप से पार्ट्स पार

सर्दी बढ़ने के साथ ही शहर में चोर भी सक्रिय हो गए हैं। उनके हौसले इतने बुलंद हैं कि पुलिस के घर भी सेंध लगा रहे हैं। मंडोर थाना इलाके के वीरेंद्र नगर में रहने वाले सब-इंस्पेक्टर के मकान में चोरों ने सेंध लगा गहने व नकदी पार कर ली। तीन बक्सों में रखा सामान बाहर निकालकर बिखेर दिया और जो हाथ लगा वे ले गए। मंडोर थाने में मामले को लेकर केस दर्ज किया गया।

हैड कांस्टेबल बंशीलाल ने बताया कि मूलत: मतोड़ा हाल वीरेंद्र नगर पूर्व में रहने वाले सब-इंस्पेक्टर मूलसिंह जालोर जिले में पदस्थापित हैं। वे मंडोर थाने में भी हैड कांस्टेबल व एएसआई रह चुके हैं। तीन दिन पहले परिवार के लोग मतोड़ा गए थे।

इस बीच सूने घर का ताला तोड़कर भीतर घुसे और कमरे में तीन बक्सों के ताले तोड़कर बक्सों में रखी सोने की चार चूड़िया, कानों की टॉप्स जोड़ी, चार लूंग फिणियां एवं पांच-सात हजार की नकदी आदि ले गए। परिवार के लोग जब लौटे तो चोरी का पता लगा। मंडोर पुलिस ने मौका-मुआयना किया। उनके पुत्र कल्याणसिंह की तरफ से मंडोर थाने में प्राथमिकी दी गई।
वर्कशॉप में चोरों ने लगाई सेंध
इधर मंडोर पुलिस ने बताया कि गोकूल की प्याऊ भाटी दौलतसिंह नगर निवासी अर्जुनसिंह सांखला पुत्र लूणसिंह ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उनका लालसागर में सांखला वर्कशॉप है। गुजरी रात चोरों ने वर्कशॉप में सेंध लगा वहां से पार्ट्स आदि चोरी कर लिए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

इधर, परिवारजनों की मौजूदगी में गहने चोरी: परिवार के सदस्य पर ही संदेह
महामंदिर थाना इलाके की पावटा बी रोड स्थित एक निजी स्कूल के पास के एक घर में चोरी हो गई। पीड़ित की पुत्री के गहने चोरी हो गए। मामले में परिवार के ही किसी सदस्य पर शक है। फिलहाल महामंदिर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस ने बताया कि पलासनी हवेली के पीछे पावटा बी रोड स्थित लिटिल वंडर स्कूल के पास रहने वाले पारसमल जैन पुत्र गिरधारीलाल ने रिपोर्ट दी।

इसमें बताया कि उनकी पुत्री की सोने की चार चूड़ियां, ब्रेसलेट, कानों के टॉप्स एवं मंगलसूत्र घर से चोरी हो गए। घर में एक कार्यक्रम भी हुआ था, जिसमें ज्यादातर परिवार के लोग ही थे। पुलिस ने बताया कि इसमें किसी सदस्य का हाथ हो सकता है। बाहरी व्यक्ति का प्रवेश नहीं हुआ था। परिवार के सदस्यों से पूछताछ के बाद ही इसमें खुलासा हो पाएगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ