भीतरी शहर निवासी एक युवक को इंडिगो फ्लाइट में दिल्ली जाते समय कार्टेज (कारतूस) के साथ पकड़ा गया। वह अपने एक दोस्त द्वारा दिए गए बैग को साथ लेकर पहुंच गया था। आरंभिक पड़ताल में सामने आया कि वह भूल से कार्टेज लेकर चला गया। पुलिस ने उसके दोस्त से संपर्क साधा है।
उसका दोस्त कार्टेज अपने दादाजी की सर्विस रिवाल्वर का होना बता रहा है। फिलहाल बीटेक छात्र के खिलाफ एयरपोर्ट सिक्योरिटी सुपरवाइजर की तरफ से एफआईआर दी गई है। जिस पर अब पुलिस अनुसंधान कर रही है।
रातानाडा पुलिस थाने के एएसआई राजेंद्र सिंह ने बताया कि चांदपोल के बाहर रहने वाला 20 वर्षीय प्रद्युम्न दवे पुत्र भुवनेश कुमार दवे बीटेक थर्ड इयर की तैयारी कर रहा है। वह बुधवार को दिल्ली जाने के लिए इंडिगो की फ्लाइट में सवार होने वाला था। उससे पहले सामान की तलाशी लिए जाने पर उसमें एक बैग में कार्टेज मिला, जो कि जिंदा था।
इस पर रातानाडा पुलिस को सूचना दी गई। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसके बैग की जयपुर के एक मित्र के बैग से अदलाबदली हो गई थी। वह अपने मित्र का बैग लेकर आ गया था और चेक नहीं किया था। उसे नहीं पता था कि बैग में कार्टेज यानी कारतूस है।
जब वह बुधवार को दिल्ली जाने निकला तब उसे बैग में कार्टेज होने का पता लगा। एएसआई राजेंद्र सिंह के अनुसार युवक संभवत: भूल से यह कार्टेज लेकर पहुंचा है। उसके दोस्त से बात हुई तब बताया गया कि कार्टेज उसके दादाजी की रिवाल्वर का है। पुलिस अब आगे इस बारे में जांच कर रही है। पुलिस ने फिलहाल केस आर्म्स एक्ट में दर्ज किया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ