कंटेनर चालक के अचानक ब्रेक लगाने से युवक की मौत, कार चालक के बिना इंडिकेटर दिए गाड़ी मोड़ने से गई श्रमिक की जान
बासनी और देवनगर थाना क्षेत्र में सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। एक में कंटेनर चालक की लापरवाही से युवक की जान चली गई तो दूसरे हादसे में कार चालक ने श्रमिक की जिंदगी छीन ली। बासनी पुलिस ने बताया कि कुड़ी भगतासनी सेक्टर 6 में रहने वाले सुमेर सिंह पुत्र छतरसिंह ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि 6 दिसंबर की रात को उसका छोटा भाई देवेंद्र सिंह अपनी बाइक पर घर की तरफ आ रहा था।
डीजल शेड रोड पर उसके आगे एक कंटेेनर चल रहा था। इस बीच कंटेनर चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे उसके भाई की बाइक कंटेनर में घुस गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोग उसे एम्स अस्पताल ले गए, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई कर अगले दिन शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं कंटेनर चालक अक्षरालाल के खिलाफ केस दर्ज किया।
इधर, देवनगर पुलिस ने बताया कि हरियाणा के रेवाड़ी स्थित मुमताजपुर हाल मिल्कमैन कॉलोनी गली नंबर 1 में रहने वाले सुरेंद्र यादव पुत्र जसवंत यादव ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उसका परिचित मिल्कमैन कॉलोनी में रहने वाला नारद यादव और सुरेंद्र यादव बाइक से 6 दिसंबर को बोरानाडा फैक्ट्री से घर की तरफ लौट रहे थे।
तब मिल्कमैन कॉलोनी के पास ही एक कार चालक ने बिना इंडिकेटर दिए गाड़ी को अचानक मोड़ दिया। इससे दोनों कार से टकराकर घायल हो गए। नारद की एमडीएम अस्पताल में मंगलवार को मौत हो गई। पुलिस कार नंबर के आधार पर चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है। मृतक नारद मूल रूप से बक्सर बिहार का रहने वाला था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ