शहादत को याद रखने के लिए शहीद अजीतसिंह के नाम से स्कूल का नामकरण करवाया जाएगा: बेरवाल

रविवार को गांव वस्त्रावली में नेवी के शहीद अजीतसिंह गुर्जर की द्वितीय पुण्यतिथि पर शहीद स्मारक का लोकार्पण व मूर्ति अनावरण समारोह संभागीय आयुक्त पीसी बेरवाल के मुख्य आतिथ्य एवं विधायक अमरसिंह की अध्यक्षता में हुआ। विशिष्ठ अतिथि पूर्व प्रधान सालिगराम शर्मा, भाजपा नेत्री रितु बनावत, कृषि उपज मंडी के पूर्व अध्यक्ष देवीसिंह बुढवार, भूरा भगत, समाजसेवी दौलतसिंह, जेल कमेटी के सदस्य मुकेश सूपा, पूर्व सैनिक संघ अध्यक्ष बलराम कांवर, सरपंच संघ अध्यक्ष प्रतिनिधि दीवान शेरगढ़, कैप्टन जयसिंह थे।

इस अवसर पर अतिथियों ने शहीद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि देकर अनावरण किया। इस दौरान शहीद के जयकारों व देशभक्ति नारों से परिसर गुंजायमान रहा और लोगों ने जब तक सूरज चांद रहेगा, शहीद अजीतसिंह तेरा नाम रहेगा के नारे लगाए। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त पीसी बेरवाल ने वीरांगना पार्वती गुर्जर के शहीद पति व देशभक्ति के प्रति भावना की सराहना करते हुए कहा कि शहीदों की शहादत कभी भुलाई नहीं जाती है, उन्होंने सीमा पर रहकर दुश्मनों से लोहा लेते हुए देश की रक्षा की है, इसलिए शहीद व उसके परिवार को सम्मान मिलना चाहिए।

शहीद अजीतसिंह क्षेत्र के लिए प्रेरणा स्त्रोत है। उनकी शहादत को हमेशा याद रखने व आने वाली पीढ़ी को जानने के लिए शहीद अजीतसिंह गुर्जर के नाम से वस्त्रावली स्कूल का नामकरण कराया जाएगा। विधायक अमरसिंह ने कहा कि वीरांगना द्वारा 20 लाख रुपए खर्च कर शहीद स्मारक बनवाया है, इससे नारी शक्ति की भावना जागृत होती है।

उन्होंने शहीद परिवार की हरसंभव मदद करने का भरोसा दिलाया। पूर्व प्रधान सालिगराम शर्मा ने नई पीढ़ी को जानने व देश प्रेम बढ़ाने के लिए शहीदों की शहादत की गाथाओं को पाठ्यक्रम में शामिल करने की बात कही और युवाओं को देशभक्ति के बारे में जानकारी दी। वक्ताओं ने शहीद अजीतसिंह की शहादत को नमन करते हुए शहीद अजीतसिंह में देशभक्ति भावना थी। उनकी वीरांगना के साहसिक जज्बे को सादर प्रणाम किया।

समाजसेवी ने वीरांगना को दिया एक लाख का चेक, पूर्व सरपंच ने दिए 21 हजार रुपए

समारोह में समाजसेवी दौलतसिंह नगला परमा ने संभागीय आयुक्त की मौजूदगी में शहीद अजीतसिंह के परिवार को संबल प्रदान करने के लिए वीरांगना पार्वती को एक लाख रुपए का चैक दिया। उन्होंने शहीद परिवार की हरसंभव सहयोग करने की बात कही। साथ ही पूर्व सरपंच रामकिशन गुर्जर ने 21 हजार रुपए व पूर्व सरपंच यादराम ने 51 सौ रुपए की आर्थिक मदद दी।

इस अवसर पर अतिथियों ने शहीद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि एवं नमन करते हुए शहीद परिवार को साहस दिलाकर वीरांगना पार्वती गुर्जर, पिता विजेन्द्रसिंह, मां मोहनोदेवी व बेटा गर्वित का शाॅल ओढ़ाकर व प्रतीक चिंह देकर सम्मान किया। साथ ही समारोह में आई पांच वीरांगनाओं का भी सम्मान किया गया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
रुदावल. गांव वस्त्रावली में वीरांगना को एक लाख रुपए का चैक देते समाजसेवी व अतिथि।


टिप्पणियाँ