यह फाइल यही निपटा दो ताकि विधानसभा का टिकट नहीं मिले, पूर्व मंत्री धाकड़ के पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ प्रचार का आडियाे वायरल
भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और तीन बार सरकार में मंत्री रहे बेगूं के पूर्व विधायक चुन्नीलाल धाकड़ ने कथित ताैर पर अपने ही पार्टी के प्रत्याशी पूर्व विधायक सुरेश धाकड़ काे जिप वार्ड में हराने के लिए पूरा जाेर लगाया। इसके लिए उनके कांग्रेस विधायक के पीए और भाजपा कायर्कर्ताओं के साथ बातचीत के ऑडियाे वायरल हाेने से मामला प्रदेश नेतृत्व तक भी पहुंच गया है।
लगभग 80 वर्षीय चुन्नीलाल धाकड़ का माेबाइल मंगलवार काे दिनभर स्वीच ऑफ रहा। जिला परिषद सीट पर पूर्व विधायक सुरेश धाकड़ को हराने के लिए कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश धाकड़ और विधायक राजेंद्र सिंह विधूड़ी के पीए और कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं से हुई बातचीत का ऑडियो वायरल हो गया। जिसमें पूर्व मंत्री धाकड़ और विधायक के पीए के बीच कथित तौर पर लिफाफे बंटने की चर्चा भी है। अब तक राजनीति में बेदाग छवि की छाप छोड़ने वाले चुन्नीलाल धाकड़ पार्टी विरोधी प्रचार के अलग-अलग वायरल हुए ऑडियो से फंसते नजर आ रहे हैं। कार्यकर्ताओं से पूर्व मंत्री ने यह कहा कि छोटी सीट पर तो यहीं के प्रत्याशी को मौका देना चाहिए था। एक ऑडियो में सुरेश धाकड़ की तरफ इशारा करते कहा कि अभी मौका है इस फाइल को यही निपटा दो ताकि आगे विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं ला सके।
ऑडियो में विधायक के पीए राज कुमार उर्फ राजू व चुन्नीलाल धाकड़ की बातचीत
पूर्व मंत्री: हां राजू (एक समाज का जिक्र) उस समाज ने तो कहा है कि हमें तो पीने के पानी की व्यवस्था चाहिए, स्कूल में भी पेयजल की समस्या है, टंकी बनाने को कहा है, और वोट देने को तैयार है, बचा लिफाफा वापस ले जाना।
राजू: पानी की व्यवस्था करा देंगे, बोर खुदवा देंगे, आप मेरी तरफ से हां भरकर उन्हें बोल दो, लिफाफा तो आपके पास रखो, थोड़ा मंडावरी की तरफ भी ध्यान देना।
जिला परिषद वार्ड 22 कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश धाकड़ और पूर्व मंत्री की वार्ता का ऑडियो
पूर्व मंत्री: कहां हो, साथ में कौन है, मैंने सुना कोई मोतबीर साथ नहीं, कुछ पगड़ी वालों को साथ लो (और प्रकाश से डोराई,मेघनिवास,सुवाणिया, सामरिया गांवों के हाल जानें) माहौल अच्छा है।
प्रकाश- मेरे साथ मोतबीर है, हां सर माहौल तो ठीक है बस सुरेश धाकड़ को लगा की अपने समाज का वोट बैंक साथ नहीं तो अन्य समाज के वोटों को तोड़ने में लग गए।
बेगूं क्षेत्र को लेकर कुछ रिकार्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल होने की जानकारी आई है। अभी मैंने ये नहीं सुने और न किसी ने संगठन को शिकायत की। अभी सभी लोग चुनाव कार्य भी व्यस्त है। यदि वास्तव में किसी ने कुछ गलत काम किया या पार्टी को हराने के प्रयास साबित हुए तो प्रदेश नेतृत्व के स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
गौतम दक, जिलाध्यक्ष भाजपा
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ