बदमाशों के साथ शराब पी रहे मौसेरे भाई को जबरन घर ले जाने लगा तो हिस्ट्रीशीटर ने कैंपर से कुचला

बगड़ इलाके के माखर की ढाणी और इस्लामपुर के बीच काटली नदी के पास मंगलवार देर रात बदमाशाें ने एक युवक की कैंपर से कुचलकर हत्या कर दी। घटना मंगलवार रात करीब एक बजे की है। मृतक माखर की ढाणी का राहुल पुत्र विजयपाल जाट था।

वह पिता के साथ मौसेरे भाई लुट्‌टू निवासी अजय को लाने के लिए घर से एक किमी दूर नदी में गया था। वहां गांव के ही हिस्ट्रीशीटर व तीन अन्य युवकों के साथ मौसेरा भाई शराब पी रहा था। उसे जबरन ले जाना चाहा तो हिस्ट्रीशीटर ने राहुल को कैंपर से कुचल दिया।

जानकारी के अनुसार लुट्‌टू निवासी अजय दो दिन से मौसी के पास माखर की ढाणी आया हुआ था। मंगलवार को वह शाम के समय बाइक लेकर इस्लामपुर गया था। देर रात तक घर नहीं गया तो उसके मौसे विजयपाल ने उसे फोन किया था। तब उसने बाइक पंक्चर होने का बहाना बना लिया। लेकिन देर रात 12 बजे तक भी वह वापस नहीं लौटा तो विजयपाल व उसका बेटा राहुल अपनी बोलरो लेकर उसे लेने के लिए घर से निकले।

सीआई इंद्रप्रकाश यादव ने बताया कि माखर की ढाणी निवासी राहुल (22) मौसेरे भाई अजय को लेने पिता विजयपाल के साथ घर से निकला था। घर से करीब एक किमी दूर नदी में माखर की ढाणी निवासी हिस्ट्रीशीटर नीतिश उर्फ ब्लैकिया की कैंपर गाड़ी में बैठा मिला। गाड़ी में ब्लैकिया के साथी माखर की ढाणी निवासी अजय जाखड़ व ढहर की ढाणी निवासी उत्पल चाैधरी भी बैठे थे।

राहुल ने अजय को अपने साथ चलने के लिए कहा और देर रात तक घर नहीं जाने का उलाहना दिया। तब ब्लैकिया ने एतराज जताते हुए कहा कि उसके साथ ही घर जाएगा। लेकिन राहुल व उसके पिता विजयपाल ने अजय को जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया और वहां से चलने लगे। इसी दौरान ब्लैकिया ने अपनी कैंपर गाड़ी से उनकी बोलेरो को टक्कर मार दी। तब विजयपाल ने गाड़ी रोक दी।

विजयपाल व उसका बेटा राहुल नीचे उतरे और टक्कर लगने से क्षतिग्रस्त हुई गाड़ी को पीछे से देखने लगे। इसी दौरान बदमाशों ने कैंपर को पीछे लेकर फिर से टक्कर मारी, जिससे राहुल कुचला गया, जबकि विजयपाल बच गया। बदमाशों को जब राहुल के कुचलने का पता लगा तो वे वहां से भाग गए। इसके बाद सूचना पर एंबुलेंस से उसे बगड़ सीएचसी ले जाया गया।

राहुल के पेट के ऊपर से निकला टायर
पुलिस की प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि राहुल के पेट के ऊपर से कैंपर का टायर निकला था, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। तब विजयपाल ने इसकी सूचना पुलिस व 108 काे दी। सूचना पर बगड़ थाने के एएसआई राजेंद्र कुमार मीणा माैके पर पहुंचे।

एंबुलेंस बुलाकर उसे बगड़ सीएचसी पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकाें ने उसे मृत घाेषित कर दिया गया। बुधवार काे पाेस्टमार्टम कराकर शव परिजनाें काे साैंप दिया गया। लुट्टू निवासी अजय कुमार की माखर की ढाणी में माैसी रहती है। अजय दाे तीन दिन से माखर की ढाणी आया हुआ था।

वारदात से दाे घंटे पहले राहुल ने इंस्ट्राग्राम पर डाला था लाइव वीडियाे
माखर की ढाणी निवासी राहुल ने वारदात से करीब दाे घंटे पहले इंस्ट्राग्राम पर अपना लाइव वीडियाे पाेस्ट किया था। एंजाॅय नाम से राहुल ने इसे पोस्ट किया था। पांच मिनट 16 सैकंड के इस वीडियाे में राहुल व उसके साथ बाेलेराे में उसके गांव का ही एक युवक अमित तथा एक उसका एक परिचित युवक नजर आ रहा है। इसमें राहुल खुद गाड़ी चला रहा है। यह वीडियाे काटली नदी क्षेत्र का नजर आ रहा है। जहां यह वारदात हुई है। इसमें बाेलेराे में सवार तीन युवक माैज मस्ती करते दिख रहे हैं।

हिस्ट्रीशीटर समेत तीन जनाें के खिलाफ मामला दर्ज
इस संबंध में हिस्ट्रीशीटर समेत तीन जनाें के खिलाफ कैंपर से कुचलकर हत्या करने का मामला दर्ज कराया गया है। माखर की ढाणी निवासी विजयपाल पुत्र जस्साराम जाट ने माखर की ढाणी निवासी नीतेश उर्फ ब्लेकड़ा उर्फ कालू, अजय जाखड़ तथा ढहर की ढाणी निवासी उत्पल चाैधरी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

सीओ ग्रामीण नीलकमल मीणा, पिलानी एसएचओ इंद्रप्रकाश यादव, एएसआई अमरसिंह, राजेंद्र मीणा ने माैका मुआयना किया। आरोपियों की तलाश में संभावित स्थानाें पर दबिश दी, लेकिन काेई पता नहीं चल पाया। आराेपी नीतिश उर्फ ब्लैकिया के खिलाफ 16 मामले दर्ज है। इस साल उसकी हिस्ट्रीशीट खाेली गई थी। ब्लैकिया के खिलाफ झुंझुनूं में गन्नी काॅलाेनी क्षेत्र में जानलेवा हमला करने, बगड़ क्षेत्र में युवका अपहरण, आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मामले हैं। हत्या का यह पहला मामला है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
मृतक राहुल।


टिप्पणियाँ