अभिनव राजस्थान पार्टी ने कृषि कानूनों का विरोध करते हुए इसे लेकर किसानों की ओर से किए जा रहे आंदोलन का समर्थन किया है। पार्टी की पहली बैठक शुक्रवार को हाउसिंग बोर्ड में प्रमुख सामाजिक चिंतक पं. महेश कुमार शर्मा “आजाद’ की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पार्टी के संगठन के विस्तार, किसान आन्दोलन और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की गई। जिला इकाई और ब्लाॅक इकाइयों के गठन पर चिंतन मनन किया गया।
पं. आजाद ने कहा कि अभिनव राजस्थान पार्टी आने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर गंभीर है। इसके लिए प्रदेश भर में पार्टी की जिला इकाइयों को मजबूत किया जा रहा है। अगले हफ्ते प्रदेश कार्यकारिणी घोषित कर दी जाएगी। सुनील तिलोटिया ने किसान आंदोलन को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि हम नए कृषि कानूनों का पुरजोर विरोध करते हैं। ये कानून किसानों को आजादी के पहले के दिनों की ओर धकेल देंगे।
किसान फिर से बंधुआ मजदूर बन कर रह जाएगा। पार्टी इन बिलों के विरोध में जन जागरण करेगी। किसानों के साथ आमजन को इन बिलों से हो रहे नुकसान के बारे में बताएगी। प्रमोद राव ने झुंझुनूं जिले की पेयजल समस्या का जिक्र करते हुए बताया कि इंदिरा गांधी नहर और यमुना से झुंझुनूं को उसका हिस्सा नहीं मिल रहा है।
आशीष गोदारा ने झुंझुनूं की खस्ता हाल ग्रामीण सड़कों का मुद्दा उठाया। प्रताप धायल ने बेसहारा घूमते गोवंश को समाज और सरकार के माथे पर कलंक बताया। उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए गोचर भूमि को मनरेगा से जोड़ कर चारे की स्थाई व्यवस्था की जा सकती है, लेकिन सरकार तो अभी तक घोषित नंदीशालाओं को भी नहीं खोल पाई है। बैठक में अनिल कुलहरी, जितेंद्र कुमावत, प्रवीण राठौर भी मौजूद थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ