भींडर में जनता सेना समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी हरिसिंह बने प्रधान, भाजपा के सदस्य मतदान करने नहीं आए
भींडर पंचायत समिति में जनता सेना समर्थित निर्दलीय हरिसिंह सोनीगरा ने 9 मत हासिल कर प्रधान बने। पंचायत समिति सभागार में अपराह्न 3 से 5 बजे तक मतदान हुआ। मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए गए, जिसमें कांग्रेस के चंद्रप्रकाश को 3, निर्दलीय कुबेर सिंह को 4 और निर्दलीय हरिसिंह सोनीगरा को 9 वोट मिले। इससे पूर्व कांग्रेस की ओर से चंद्रप्रकाश, निर्दलीय प्रत्याशी कुबेर सिंह चावड़ा, जनता सेना समर्थित निर्दलीय हरिसिंह, मदन मीणा ने नामांकन दाखिल किया।
इसके बाद नाम निर्देशनों की संवीक्षा की गई। दोपहर 1 बजे तक निर्दलीय मदन मीणा ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद मतदान शुरू हुआ, जिसमें सबसे पहले कांग्रेस की पंचायत समिति सदस्य मंजू, नाथू सिंह मीणा, चन्द्र प्रकाश जोशी ने मतदान किया। इसके बाद पूर्व विधायक रणधीरसिंह भींडर के साथ 9 पंचायत समिति सदस्य नारायण कुंवर, मदनलाल मीणा, रमेश पटेल, टीना जाट, भंवर कुंवर, हरिसिंह सोनीगरा, जमनी मीणा, मंजू पाटीदार, भगवत कुंवर मतदान करने पहुंचे।
अंत में निर्दलीय प्रत्याशी कुबेर सिंह चावड़ा के नेतृत्व में पूर्व प्रधान यशोधरा कुंवर, चिनू मीणा, नारायण गुर्जर ने मतदान किया। भाजपा के तीनों पंचायत समिति सदस्यों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया। मतदान के दौरान वल्लभनगर पुलिस उपअधीक्षक हितेश, भींडर थानाधिकारी पूनाराम गुर्जर, सीआई तेजसिंह सांदू ने मय पुलिस जाब्ता तैनात था।
पहली बार चुनाव लड़ा और बने प्रधान : आकोला सीट से पंचायत समिति सदस्य बने हरिसिंह सोनीगरा ने पहली बार पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ा और प्रधान बनने में सफल रहे। भींडर पंचायत समिति की प्रधान सीट सामान्य के लिए आरक्षित थी। जनता सेना से ही पूर्व सरपंच किशन सिंह शक्तावत की पत्नी भंवर कुंवर, मदन मीणा का नाम भी सामने आ रहा था, लेकिन अंत में हरिसिंह के नाम पर सहमति बनी।
जनता सेना के कार्यकर्ताओं ने मनाया जीत का जश्न
जनता सेना समर्थित हरिसिंह के प्रधान बनने के सूचना के बाद पंचायत समिति के बाहर कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक भींडर, प्रधान हरिसिंह का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
उलटफेर की आशंकाओं पर लगा विराम
पूर्व प्रधान पति कुबेर सिंह ने पंचायत समिति चुनाव में स्वयं समेत 10 उम्मीदवार मैदान में उतारे। जो कांग्रेस-भाजपा को पछाड़ते हुए 4 सीटें जीतने में सफल रहे। कयास लगाए जा रहे थे कि कुबेर सिंह समर्थन हासिल कर प्रधान बन जाएंगे, लेकिन वह समर्थन नहीं जुटा सकें।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ