जोधपुर ग्रामीण एसपी के नाम से फर्जी आईडी बना रुपए मांगने वाला मेवात गैंग का सरगना गिरफ्तार

सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर सभी जिलों की पुलिस क्षेत्र की जनता से जुड़े रहकर फीडबैक लेने के प्रयास करती आ रही है, लेकिन इसमें पुलिस की सक्रियता को भुनाने की कोशिश में साइबर क्रिमिनल्स भी जुटे हुए हैं। ऐसा ही दुस्साहस किया एक शातिर ने, जिसने जोधपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के नाम की फर्जी आईडी बनाई और फिर उससे अवैध वसूली की कोशिश में भी जुट गया।

आमजन से ही इसकी जानकारी पुलिस के पास पहुंची, तो कई दिनों की पड़ताल के बाद जोधपुर ग्रामीण पुलिस मेवात गैंग के भरतपुर निवासी सरगना को दिल्ली से पकड़ लाई। एसपी (जोधपुर रूरल) राहुल बारहठ ने बताया कि आमजन से सोशल मीडिया के जरिए कनेक्ट रहकर पुलिस की कार्यशैली को बढ़ावा देने व आपसी संवाद करने के लिए सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म का उपयोग जोधपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा भी किया जा रहा है।

इसी बीच, एक सजग नागरिक अनिल कुमार राखेचा से जानकारी मिली कि किसी व्यक्ति ने जोधपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के नाम से मिलती जुलती दूसरी आईडी बनाकर ऑनलाइन ही रुपयों की मांग कर रहा है। ऐसे संगीन मामले को देखते हुए राखेचा की रिपोर्ट पर बालेसर थाने में आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर साइबर सैल को उस फर्जी आईडी को बंद कराने के निर्देश दिए। साथ ही उससे जुड़े खातों को ब्लॉक करवाने और इनकी गहनता से पड़ताल करने को कहा।

इस पर एएसपी सुनील पंवार के निर्देशन में डीएसटी प्रभारी उप अधीक्षक नरेंद्र पूनिया, जोधपुर ग्रामीण पुलिस की साइबर सैल व शेरगढ़ थानाधिकारी देवेंद्रसिंह के साथ साइबर एक्सपर्ट एएसआई अमानाराम सहित अन्य की टीम ने टेक्निकल सर्विलांस से डाटाबेस जुटाए और बदमाशों द्वारा उपयोग में लिए गए फर्जी यूपीआई व बैंक खातों की जांच शुरू की गई। प्रारंभिक पड़ताल में में इस घटना के तार मेवात गैंग से जुड़े होने के संकेत मिले।
राजस्थान के साथ यूपी, हरियाणा, दिल्ली में भी तलाशी

कई दिनों की मशक्कत के बाद टीम ने बदमाशों की इस गैंग के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई और इनकी तलाश में राजस्थान के कई जिलों के साथ-साथ उत्तरप्रदेश, हरियाणा व दिल्ली में भी छापेमारी की गई। आखिरकार, डीएसटी टीम के एएसआई अमानाराम, देवाराम, झुमरराम व मोहनराम की टीम ने 4 दिन की तलाश के बाद भरतपुर के कामा जिले में सतवास के नादेड़ा निवासी बदमाश सरगना कासिम पुत्र आसिन को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
The leader of the Mewat gang, who demanded a fake ID in the name of Jodhpur Rural SP, was arrested


टिप्पणियाँ